सरगुजा
अंबिकापुर, 26 जून। शराब के नशे में बोलेरो चला रहे एक चालक पर न्यायालय ने 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में यातायात शाखा की टीम द्वारा वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। जांच के दौरान बोलेरो वाहन क्रमांक सीजी 15 सीवाई 3629 को रोककर चालक की जांच की गई। चालक ने अपना नाम नितीश आयुष खलखो निवासी ठाकुरपुर, थाना गांधीनगर बताया।
जांच के दौरान चालक शराब के नशे में पाया गया। ब्रेथ एनालाइजर से परीक्षण में भी शराब सेवन की पुष्टि होने पर उसके विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया। मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने चालक पर 10 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया।
इस कार्रवाई में यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त सहित यातायात पुलिस की टीम की सक्रिय भूमिका रही।