सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 25 जून। अंबिकापुर शहर में प्रस्तावित फोरलेन सडक़ निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही वर्षा ऋ तु में जलभराव की समस्या से निजात दिलाने के लिए सडक़ के दोनों ओर नालियों तथा कई स्थानों पर क्रॉस ड्रेनेज (कासिंग पुलिया) का निर्माण भी किया जाएगा। यह जानकारी बुधवार को महापौर कक्ष में आयोजित समीक्षा बैठक में दी गई।
बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग, लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) एवं नगर पालिक निगम के अभियंताओं ने रेलवे स्टेशन से गांधी चौक, भारत माता चौक से दरिमा मोड़ तथा लरंग साय चौक से रनपुर तक स्वीकृत फोरलेन सडक़ परियोजना पर विस्तृत चर्चा की। राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के अधिकारियों ने बताया कि सडक़ निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ किया जाएगा और इसके साथ प्रभावी जल निकासी व्यवस्था भी विकसित की जाएगी।
अधिकारियों के अनुसार रेलवे स्टेशन से गांधी चौक मार्ग पर पानी की निकासी के लिए सात कासिंग पुलियों का प्रावधान किया गया है, जबकि भारत माता चौक से दरिमा मोड़ तक चार कासिंग पुलियों का निर्माण किया जाएगा।
इससे माखन विहार, होंडा शोरूम, राजमोहनी भवन तथा फिरदौसी हॉस्पिटल के सामने बारिश के दौरान होने वाली जलभराव की समस्या काफी हद तक दूर होने की उम्मीद है।
बैठक में महापौर ने नगर निगम के सभी जोन प्रभारियों एवं अभियंताओं को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने वार्डों का नियमित भ्रमण कर जलभराव और सफाई व्यवस्था का प्रतिदिन निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि मानसून के दौरान नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।
बैठक में नगर पालिक निगम के कार्यपालन अभियंता संतोष रवि, सहायक अभियंता प्रदीप कुमार पैकरा, लोक निर्माण विभाग के सहायक अभियंता हिलेन्द्र सिंह, राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग के उप अभियंता राजेंद्र तिग्गा सहित निगम और पीडब्ल्यूडी के अन्य अभियंता उपस्थित रहे।