सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 25 जून। विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव का आयोजन स्थानीय सामुदायिक भवन में किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल एवं लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
इस अवसर पर नवप्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर एवं पुष्प भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की आकर्षक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित अतिथियों का मन मोह लिया।
कैबिनेट मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि राज्य सरकार सभी बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि शाला प्रवेशोत्सव केवल नामांकन कार्यक्रम नहीं, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि शाला प्रवेशोत्सव बच्चों के जीवन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। विद्यालय में प्रवेश के साथ ही बच्चे अपने भविष्य को संवारने और समाज व देश के विकास में योगदान देने की दिशा में पहला कदम बढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों के स्कूल प्रवेश को उत्सव के रूप में मनाने का निर्णय सरकार की सार्थक पहल है, जिससे शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार हो रहा है।
कार्यक्रम में शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक संजय गुप्ता, विकासखंड शिक्षा अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, अभिभावक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष सावित्री दिनेश साहू, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती शशिकला विक्रम सिंह, उपाध्यक्ष कामेश्वर राजवाड़े, भाजपा जिला उपाध्यक्ष दिनेश साहू, राकेश अग्रवाल, राजेंद्र जायसवाल, दिनेश बारी, विक्रम सिंह, राकेश साहू, महेश्वर राजवाड़े सहित जिले एवं विकासखंड के जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।
शाला प्रवेशोत्सव के माध्यम से नवप्रवेशी बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह देखने को मिला तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।