सरगुजा
भाजपा ने 51वीं बरसी पर कांग्रेस पर साधा निशाना, लोकतंत्र सेनानियों को किया याद
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 24 जून। भारतीय जनता पार्टी जिला सरगुजा द्वारा संकल्प भवन स्थित जिला कार्यालय में आपातकाल की 51वीं बरसी के अवसर पर बुधवार को प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता को संबोधित करते हुए भाजपा संगठन जिला प्रभारी बलरामपुर एवं पूर्व जिलाध्यक्ष ओम प्रकाश सिन्हा ने कहा कि वर्ष 1975 में लगाया गया आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का सबसे काला अध्याय था और यह कांग्रेस द्वारा लोकतांत्रिक मूल्यों पर किया गया सबसे बड़ा कुठाराघात था।
उन्होंने कहा कि 25 जून 1975 की आधी रात को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने सत्ता बचाने के लिए देश में आपातकाल लागू किया था। यह निर्णय किसी राष्ट्रीय संकट या युद्ध की स्थिति के कारण नहीं, बल्कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय द्वारा उनके चुनाव को निरस्त किए जाने के बाद लिया गया था।
श्री सिन्हा ने आरोप लगाया कि आपातकाल के दौरान प्रेस की स्वतंत्रता पर प्रतिबंध लगाए गए, न्यायपालिका को कमजोर किया गया तथा लाखों लोकतंत्र सेनानियों, विपक्षी नेताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं को जेलों में बंद कर दिया गया।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र पर हुए उस हमले को नई पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है, ताकि भविष्य में ऐसी तानाशाही प्रवृत्तियों के प्रति समाज सजग रह सके। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस की मानसिकता में आज भी बदलाव नहीं आया है और विरोध की आवाजों को दबाने की प्रवृत्ति उसके चरित्र का हिस्सा रही है।
इस अवसर पर लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र करोड़ों लोगों के संघर्ष, बलिदान और संविधान निर्माताओं की दूरदर्शिता का परिणाम है। कांग्रेस ने आपातकाल लगाकर नागरिकों के मौलिक अधिकारों का हनन किया और लोकतंत्र की आत्मा को आहत किया। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान, लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध रही है तथा आपातकाल के दौरान संघर्ष करने वाले लोकतंत्र सेनानियों का देश सदैव ऋणी रहेगा।
प्रेसवार्ता में जिला महामंत्री विनोद हर्ष ने भाजपा सरगुजा द्वारा 24 जून की शाम आयोजित किए जाने वाले मशाल जुलूस सहित आगामी कार्यक्रमों और सम्मेलनों की जानकारी भी दी।
प्रेसवार्ता में महापौर मंजूषा भगत, जिला संवाद प्रमुख रूपेश दुबे, जशपुर नगरपालिका अध्यक्ष अरविंद भगत सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित थे।