सरगुजा
मासिक बैठक में समाज के विकास, शिक्षा और युवा सहभागिता पर चर्चा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अम्बिकापुर, 24 जून। नवीन सर्व सोनार समाज की नियमित मासिक बैठक मंगलवार को अलंकार ग्रीन्स होटल में उत्साह और हर्षोल्लास के साथ आयोजित की गई। बैठक में हाल ही में नगर निगम चुनाव में विजयी होकर पार्षद निर्वाचित हुए समाज के प्रतिनिधियों का सम्मान किया गया तथा समाज के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
समाज की परंपरा के अनुसार प्रत्येक माह के अंतिम मंगलवार को आयोजित होने वाली बैठक का शुभारंभ भगवान अजमीढ़ देव की वंदना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद समाज के अध्यक्ष ने उपस्थित सदस्यों का स्वागत किया।
बैठक का मुख्य आकर्षण नगर निगम चुनाव में निर्वाचित पार्षद जितेंद्र सोनी, सुषमा सोनी एवं विमला सोनी का सम्मान समारोह रहा। समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने तीनों पार्षदों को शॉल, श्रीफल और पुष्पहार भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान सभागार तालियों की गडग़ड़ाहट से गूंज उठा।
सम्मान समारोह में समाज के वरिष्ठजनों ने नव-निर्वाचित पार्षदों से समाज की एकता, विकास और जनहित के कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा व्यक्त की। पार्षदों ने समाज का आभार जताते हुए शिक्षा, रोजगार और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
पार्षद जितेंद्र सोनी ने समाज के व्यापक हित में एक भव्य सम्मेलन आयोजित करने का सुझाव देते हुए समाज को और अधिक संगठित करने पर जोर दिया। तीनों पार्षदों ने कहा कि समाज के हित से जुड़े हर कार्य में वे सदैव उपलब्ध रहेंगे।
बैठक में युवाओं की सक्रिय भागीदारी, शिक्षा प्रोत्साहन योजनाओं तथा आगामी त्योहारों के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले सामाजिक कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर संभागीय मार्गदर्शक शिवराम सोनी, जिला अध्यक्ष विनोद सोनी, रविंद्र स्वर्णकार, अशोक कुमार सोनी, प्रकाश सोनी, मनीष कुमार सोनी, विकास सोनी, राजेश सोनी, राहुल सोनी, पियुष सोनी, रघुनाथ प्रसाद सोनी, अमित सोनी, बृजकिशोर सोनी, नरेंद्र सोनी, विपल सोनी, सुरजीत सोनी, संतोष सोनी, शीतल सोनी, शिव कुमारी, उर्मिला सोनी, अंजू सोनी सहित बड़ी संख्या में समाजबंधु, मातृशक्ति एवं युवा उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन समाज के सचिव विजय सोनी ने किया, जबकि अंत में उपाध्यक्ष ने सभी उपस्थितजनों के प्रति आभार व्यक्त किया।