सरगुजा

अपर्याप्त तैयारियों के बीच स्कूल खोलने पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, ज्ञापन
24-Jun-2026 9:22 PM
अपर्याप्त तैयारियों के बीच स्कूल खोलने पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, ज्ञापन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 24 जून। छत्तीसगढ़ कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश महासचिव परवेज आलम गांधी ने सरगुजा संभाग के संयुक्त संचालक शिक्षा को पत्र लिखकर शैक्षणिक सत्र 2026-27 में विद्यालय संचालन की तैयारियों पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि पर्याप्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित किए बिना 16 जून से विद्यालयों का संचालन शुरू कर दिया गया है, जिससे विद्यार्थियों की पढ़ाई और सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।

संयुक्त संचालक शिक्षा को भेजे गए पत्र में परवेज आलम गांधी ने कहा है कि संभाग के कई विद्यालयों में अब तक सभी कक्षाओं की पाठ्यपुस्तकें उपलब्ध नहीं हो सकी हैं। वहीं अनेक स्कूल एकल शिक्षकीय होने के कारण शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने जर्जर एवं मरम्मत योग्य विद्यालय भवनों की स्थिति पर भी चिंता जताते हुए कहा कि कई स्थानों पर आवश्यक मरम्मत कार्य या वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है।

पत्र में क्षेत्र में पड़ रही अत्यधिक गर्मी और उमस के बीच छोटे बच्चों के स्वास्थ्य पर संभावित प्रतिकूल प्रभाव का भी उल्लेख किया गया है। इसके अलावा कई विद्यालयों में पेयजल, शौचालय, बिजली और पंखों जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी होने की बात कही गई है।

 कांग्रेस नेता ने कहा कि कई स्कूलों में फर्नीचर, ब्लैकबोर्ड और अन्य आवश्यक संसाधनों का अभाव है, जबकि शिक्षकों के रिक्त पदों के कारण शैक्षणिक गतिविधियां भी प्रभावित हो रही हैं।

उन्होंने मध्यान्ह भोजन योजना के संचालन के लिए आवश्यक सामग्री और संसाधनों की उपलब्धता पर भी सवाल उठाया है।

परवेज आलम गांधी ने पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि वर्षा ऋतु शुरू होने से पहले कई विद्यालयों में भवन, छत और परिसर की मरम्मत का कार्य पूरा नहीं हो सका है, जिससे विद्यार्थियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है।

उन्होंने संयुक्त संचालक शिक्षा से मांग की है कि विद्यार्थियों के हित में सभी विद्यालयों में मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा लंबित व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने के लिए आवश्यक निर्देश जारी किए जाएं।


अन्य पोस्ट