सरगुजा

महान-2 खदान क्षेत्र में सुरक्षा जागरूकता अभियान
23-Jun-2026 8:36 PM
महान-2 खदान क्षेत्र में सुरक्षा जागरूकता अभियान

जरही, 23 जून। महान-2 खुली खदान प्रबंधन द्वारा खदान क्षेत्र से लगे ग्राम चउरा, परसवार कला एवं पंपापुर में सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाते हुए ग्राम सभा एवं मुनादी का आयोजन किया गया।

प्रात: 10.30 बजे से अपराह्न 2 बजे तक आयोजित कार्यक्रम में खदान प्रबंधन के अधिकारियों ने ग्रामीणों को बताया कि महान-2 खदान परिसर एक प्रतिबंधित क्षेत्र है, जहां किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश एवं आवागमन पूरी तरह वर्जित है। अधिकारियों ने कहा कि खदान क्षेत्र में कई स्थानों पर धंसान-प्रवण एवं जोखिमपूर्ण क्षेत्र मौजूद हैं, जिससे जन-धन की हानि की आशंका बनी रहती है। ऐसे में सुरक्षा नियमों का पालन करना आवश्यक है।

ग्राम सभाओं के दौरान ग्रामीणों को खदान परिसर में संभावित दुर्घटनाओं, सुरक्षा मानकों और सावधानियों की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उन्हें अनधिकृत रूप से खदान क्षेत्र में प्रवेश नहीं करने और अन्य लोगों को भी इसके लिए जागरूक करने की अपील की गई। कार्यक्रम में उपक्षेत्रीय प्रबंधक मयंक वर्मा, खान प्रबंधक रंजीत जायसवाल, सर्वेक्षण अधिकारी लकेश्वर प्रसाद कुर्रे, ओवरमैन ऋषिकांत भगत, पीसीएसए जगरनाथ प्रसाद, नरसिंह एवं अविनाश शंकर सहित त्रिपुरा राइफल कमांडेंट बी.सी. राय उपस्थित रहे। ग्राम स्तर पर चउरा के सरपंच बालकृष्ण, परसवार कला के सरपंच रामकिशुन, उपसरपंच अजय यादव तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन शामिल हुए।

अंत में ग्रामीणों ने खदान प्रबंधन द्वारा बताए गए सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और खदान क्षेत्र में अनधिकृत प्रवेश नहीं करने का आश्वासन दिया।


अन्य पोस्ट