सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 22 जून। भारतीय जनता पार्टी सरगुजा के जिला उपाध्यक्ष मधुसूदन प्रसाद शुक्ल ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में नए शासकीय बीएड महाविद्यालय की स्थापना की मांग की है। उन्होंने कहा कि सरगुजा संभाग में शासकीय बीएड कॉलेज नहीं होने से विद्यार्थियों और शिक्षकों को बीएड की पढ़ाई के लिए बिलासपुर जाना पड़ता है, जिससे उन्हें आर्थिक और शैक्षणिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
मुख्यमंत्री को भेजे गए निवेदन पत्र में शुक्ल ने बताया कि बिलासपुर संभाग में वर्तमान में शासकीय बीएड महाविद्यालय संचालित है, जहां सरगुजा संभाग के विद्यार्थियों को भी प्रवेश लेना पड़ता है। बिलासपुर संभाग में आठ जिले तथा सरगुजा संभाग में छह जिले होने के बावजूद बीएड की कुल 150 सीटें ही उपलब्ध हैं, जिसके कारण सरगुजा क्षेत्र के कई छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों को प्रवेश का अवसर नहीं मिल पाता।
उन्होंने कहा कि बीएड की पढ़ाई के लिए बिलासपुर में रहना सरगुजा अंचल के विद्यार्थियों के लिए काफी खर्चीला साबित होता है। यदि अंबिकापुर में शासकीय बीएड महाविद्यालय की स्थापना की जाती है तो इससे क्षेत्र के विद्यार्थियों और शिक्षकों को उच्च शिक्षा के बेहतर अवसर मिलेंगे तथा शिक्षा के क्षेत्र में यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि होगी।
मधुसूदन शुक्ल ने मुख्यमंत्री से सरगुजा संभाग मुख्यालय अंबिकापुर में शीघ्र नए शासकीय बीएड महाविद्यालय की स्थापना करने की मांग की है।