सरगुजा

माउंट लिटेरा जी स्कूल में उत्साहपूर्वक मना अंतरराष्ट्रीय योग दिवस
22-Jun-2026 10:30 PM
माउंट लिटेरा जी स्कूल में उत्साहपूर्वक मना अंतरराष्ट्रीय योग दिवस

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 22 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर माउंट लिटेरा ज़ी स्कूल, अंबिकापुर में विद्यार्थियों में स्वास्थ्य, अनुशासन एवं योग के प्रति जागरूकता विकसित करने के उद्देश्य से विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। विद्यालय प्रबंधन के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने ऑफलाइन एवं ऑनलाइन दोनों माध्यमों से सक्रिय भागीदारी निभाई।

योग दिवस के पूर्व 20 जून को विद्यालय परिसर में विशेष योग सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत योग के महत्व पर प्रेरक संदेश के साथ हुई। इसके बाद विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों ने योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। विद्यार्थियों ने विभिन्न योग मुद्राओं का प्रदर्शन करते हुए संतुलन, लचीलापन और एकाग्रता का परिचय दिया। पूरे परिसर में अनुशासन, सकारात्मक ऊर्जा और उत्साह का वातावरण देखने को मिला।

वहीं 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विद्यालय द्वारा ऑनलाइन योग सत्र का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने अपने-अपने घरों से जुडक़र प्रशिक्षकों के निर्देशन में योगाभ्यास किया और नियमित रूप से योग को जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। इस दौरान उन्हें योग के शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक लाभों की जानकारी भी दी गई।

विद्यालय की प्राचार्या वर्षा अग्रवाल ने कहा कि योग भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित योगाभ्यास कर स्वस्थ, सकारात्मक एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में पी.टी. शिक्षक दुर्गा यादव एवं खुशबू गुप्ता, शिक्षिका प्राची त्रिपाठी, डेजी बरा तथा उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विद्यालय परिवार ने सभी अभिभावकों, शिक्षकों एवं सहयोगी कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए ‘योग करें, निरोग रहें’ का संदेश दिया।


अन्य पोस्ट