सरगुजा

एचपीसी वेजेस व बकाया एरियर भुगतान नहीं होने पर एटक की चेतावनी
21-Jun-2026 9:55 PM
एचपीसी वेजेस व बकाया एरियर भुगतान नहीं होने पर एटक की चेतावनी

7 दिन में भुगतान नहीं हुआ तो सुरक्षा प्रहरी करेंगे आमरण अनशन

बिश्रामपुर, 21 जून। संयुक्त कोयला मजदूर संघ (एटक) ने एसईसीएल बिश्रामपुर क्षेत्र अंतर्गत मेसर्स एसकेएमपीएल द्वारा संचालित केतकी भूमिगत खदान में कार्यरत सुरक्षा प्रहरियों (वॉच एंड वार्ड) को एचपीसी वेजेस एवं बकाया एरियर का भुगतान नहीं किए जाने पर कड़ा विरोध जताया है। यूनियन ने एसईसीएल प्रबंधन को 7 दिन का अंतिम अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि निर्धारित अवधि के भीतर भुगतान सुनिश्चित नहीं होने पर श्रमिक एवं यूनियन पदाधिकारी आमरण अनशन और आंदोलन शुरू करेंगे।

एटक के क्षेत्रीय सचिव पंकज कुमार गर्ग ने बताया कि सुरक्षा प्रहरियों को निर्धारित वेतन से कम भुगतान किए जाने का मामला लगभग एक वर्ष पूर्व क्षेत्रीय श्रम आयुक्त (आरएलसी) बिलासपुर के समक्ष उठाया गया था। मामले की सुनवाई के बाद क्षेत्रीय श्रम आयुक्त ने 15 दिसंबर 2025 को जारी आदेश में तीन माह के भीतर सभी पात्र श्रमिकों को एचपीसी वेजेस एवं बकाया एरियर का भुगतान करने के निर्देश दिए थे।

उन्होंने कहा कि आदेश की समय-सीमा समाप्त हुए तीन माह से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन अब तक इसका पालन नहीं किया गया है। वर्तमान में सुरक्षा प्रहरियों की केंद्रीय न्यूनतम मजदूरी 781 रुपये प्रतिदिन है, जबकि ठेका कंपनी द्वारा मात्र 541 रुपये प्रतिदिन भुगतान दर्शाया जा रहा है। वहीं वर्ष 2026 के लिए निर्धारित एचपीसी वेज दर 1320 रुपये प्रतिदिन है। इस प्रकार प्रत्येक श्रमिक को प्रतिदिन लगभग 539 रुपये का आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

यूनियन ने आरोप लगाया कि ठेका कंपनी एवं उसके सब-कॉन्ट्रैक्टर श्रम कानूनों की अनदेखी कर रहे हैं और विभिन्न शिकायतों से बचने के लिए भ्रामक जानकारी प्रस्तुत कर रहे हैं। यूनियन के अनुसार श्रमिकों की कुल बकाया एरियर राशि एक करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है। साथ ही 8 जून 2026 तक श्रमिकों से प्रतिदिन 12-12 घंटे कार्य कराया गया, जो श्रम नियमों का गंभीर उल्लंघन है।

एटक ने एसईसीएल प्रबंधन से ठेका कंपनी के विरुद्ध तत्काल दंडात्मक कार्रवाई करते हुए सभी श्रमिकों को उनका वैधानिक अधिकार दिलाने की मांग की है। यूनियन ने स्पष्ट किया है कि यदि आगामी सात दिनों के भीतर एचपीसी वेजेस एवं बकाया एरियर का भुगतान नहीं किया गया तो श्रमिक अपने लोकतांत्रिक अधिकारों का प्रयोग करते हुए आमरण अनशन एवं आंदोलन प्रारंभ करेंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी एसईसीएल प्रबंधन और ठेका कंपनी की होगी।

यूनियन ने इस संबंध में मुख्य श्रम आयुक्त, नई दिल्ली, उप मुख्य श्रम आयुक्त रायपुर तथा क्षेत्रीय श्रम आयुक्त बिलासपुर को भी पत्र भेजकर आवश्यक कार्रवाई एवं पेमेंट ऑफ वेजेस एक्ट के तहत रिकवरी सर्टिफिकेट जारी करने की मांग की है।-


अन्य पोस्ट