सरगुजा

सैनिक स्कूल में सामूहिक योगाभ्यास
21-Jun-2026 9:52 PM
सैनिक स्कूल में सामूहिक योगाभ्यास

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 21 जून। सैनिक स्कूल अंबिकापुर में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार प्रात: 6 बजे विद्यालय परिसर स्थित विक्रम बत्रा ब्लॉक के समक्ष सामूहिक योग सत्र का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के कैडेट्स, शिक्षकों, प्रशासनिक कर्मचारियों, पीटीआई स्टाफ, एनसीसी स्टाफ तथा अन्य कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

योग सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासनों, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। इस अवसर पर योग के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक लाभों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया।

योग प्रशिक्षकों के मार्गदर्शन में आयोजित सत्र में सभी प्रतिभागियों ने पूर्ण अनुशासन एवं उत्साह के साथ सहभागिता निभाई। योगाभ्यास के माध्यम से शारीरिक फिटनेस, मानसिक एकाग्रता तथा आत्मिक संतुलन के महत्व को रेखांकित किया गया।

विद्यालय की प्राचार्य कर्नल रीमा सोबती ने कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक एकाग्रता, आत्मविश्वास एवं सकारात्मक सोच के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी कैडेट्स, शिक्षकों एवं कर्मचारियों से नियमित रूप से योग अपनाने तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम का समापन स्वस्थ एवं संतुलित जीवन जीने के संकल्प के साथ हुआ। विद्यालय प्रशासन ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं कैडेट्स के प्रति आभार व्यक्त किया।


अन्य पोस्ट