सरगुजा

अंबिकापुर-वाराणसी सीधी हवाई सेवा जल्द शुरू होगी- सीएम
21-Jun-2026 9:50 PM
अंबिकापुर-वाराणसी सीधी हवाई सेवा जल्द शुरू होगी- सीएम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 21 जून। अंबिकापुर प्रवास पर पहुंचे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से युवा भाजपा नेता रोचक गुप्ता ने सर्किट हाउस में सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने अंबिकापुर से दिल्ली और कोलकाता के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू किए जाने पर मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया तथा अंबिकापुर से वाराणसी के लिए भी सीधी हवाई सेवा शुरू कराने का आग्रह किया।

मुलाकात के दौरान रोचक गुप्ता ने मुख्यमंत्री का ध्यान अंबिकापुर-वाराणसी हवाई सेवा से सरगुजा संभाग को मिलने वाले संभावित लाभों की ओर आकर्षित किया। उन्होंने बताया कि इस सेवा के शुरू होने से संभाग के लोगों को काशी विश्वनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। साथ ही वाराणसी से संचालित अंतरराष्ट्रीय हवाई सेवाओं से भी क्षेत्र सीधे जुड़ सकेगा।

उन्होंने कहा कि वाराणसी के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू होने से शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और पर्यटन सहित विभिन्न क्षेत्रों में सरगुजा संभाग के लोगों को लाभ मिलेगा तथा क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने इस प्रस्ताव पर सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए भरोसा दिलाया कि अंबिकापुर से वाराणसी के लिए सीधी हवाई सेवा शुरू करने के संबंध में शीघ्र पहल की जाएगी और इस दिशा में व्यक्तिगत स्तर पर भी प्रयास किए जाएंगे। मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद क्षेत्र में इस बहुप्रतीक्षित हवाई सेवा को लेकर उम्मीदें और बढ़ गई हैं।


अन्य पोस्ट