सरगुजा

योग और ध्यान से स्वस्थ जीवन का दिया संदेश, नशामुक्ति की दिलाई प्रतिज्ञा
21-Jun-2026 9:04 PM
योग और ध्यान से स्वस्थ जीवन का दिया संदेश, नशामुक्ति की दिलाई प्रतिज्ञा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 21 जून। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ब्रह्माकुमारीज अंबिकापुर द्वारा ‘स्वस्थ एवं सक्रिय जीवन के लिए योग’ विषय पर दो दिवसीय विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में योग, प्राणायाम, ध्यान और स्वस्थ दिनचर्या के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया।

कार्यक्रम के प्रथम दिवस ब्रह्माकुमारीज सरगुजा संभाग की संचालिका बीके विद्या दीदी ने योग दिवस के महत्व पर विचार व्यक्त करते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन परंपरा है, जिसका अनुसरण ऋषि-मुनि भी अपने जीवन को स्वस्थ और संतुलित रखने के लिए करते थे। उन्होंने कहा कि आधुनिक जीवन की भागदौड़ में लोग योग, प्राणायाम, व्यायाम और ध्यान जैसी महत्वपूर्ण गतिविधियों से दूर होते जा रहे हैं, जिससे शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। नियमित योग और संतुलित दिनचर्या अपनाकर व्यक्ति अपने कार्यों को अधिक ऊर्जा और क्षमता के साथ कर सकता है।

इस अवसर पर आर्ट ऑफ लिविंग के संचालक अजय तिवारी ने प्रतिभागियों को प्राणायाम का अभ्यास कराया, जबकि बीके ज्योति बहन ने म्यूजिकल एक्सरसाइज के माध्यम से स्वास्थ्य, समृद्धि और सकारात्मक सोच का अनुभव कराया।

कार्यक्रम के दूसरे दिन 21 जून को भी म्यूजिकल एक्सरसाइज और योग गतिविधियों का आयोजन किया गया। बीके विद्या दीदी ने राजयोग मेडिटेशन का अभ्यास कराते हुए बताया कि ध्यान के माध्यम से तन और मन दोनों को स्वस्थ एवं तनावमुक्त रखा जा सकता है। इस दौरान उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ भी दिलाई गई।

योग दिवस के अवसर पर पीजी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की उपस्थिति में ब्रह्माकुमारी संस्था की बहनों सहित बड़ी संख्या में भाई-बहनों ने सहभागिता कर योगाभ्यास किया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।


अन्य पोस्ट