सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 20 जून। बिना परमिट, फिटनेस और बीमा के अवैध रूप से सवारियों का परिवहन कर रहे जीप टैक्सी वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच वाहनों को जब्त किया है। यह कार्रवाई क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के निर्देश पर परिवहन उडऩदस्ता टीम द्वारा अंबिकापुर-बिश्रामपुर मार्ग पर की गई।
जानकारी के अनुसार, लंबे समय से इस मार्ग पर निजी वाहनों का व्यावसायिक उपयोग किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। शिकायतों के आधार पर परिवहन विभाग की टीम ने विशेष जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान पांच ऐसे वाहन पाए गए जो बिना वैध परमिट, फिटनेस प्रमाणपत्र और बीमा के यात्रियों का परिवहन कर रहे थे। सभी वाहनों को जब्त कर नियमानुसार कार्रवाई की गई।
क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि जब्त किए गए वाहन वर्ष 1998-99 मॉडल के हैं। इनका पंजीयन निजी वाहन के रूप में हुआ है, लेकिन नियमों के विपरीत इनका उपयोग व्यावसायिक परिवहन के लिए किया जा रहा था। इससे न केवल शासन को राजस्व की हानि हो रही थी, बल्कि यात्रियों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ रही थी।
आरटीओ ने आम जनता से अपील की है कि वे अवैध रूप से संचालित वाहनों में यात्रा करने से बचें। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐसे वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
कार्रवाई में परिवहन उपनिरीक्षक ए.टी. द्विवेदी सहित परिवहन उडऩदस्ता टीम शामिल रही।