सरगुजा

सडक़ निर्माण का विधायक ने किया निरीक्षण
20-Jun-2026 10:24 PM
सडक़ निर्माण का विधायक ने किया निरीक्षण

गुणवत्ता में खामियां पर अफसरों को लगाई फटकार

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 20 जून। सरगुजा जिला में निर्माणाधीन सडक़ परियोजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विधायक प्रबोध मिंज ने नावापारा से कुन्नी तक बन रही लगभग 13 किलोमीटर लंबी सडक़ का औचक निरीक्षण किया। करीब 27 करोड़ रुपये की लागत से बन रही इस महत्वपूर्ण सडक़ के निरीक्षण के दौरान विधायक को निर्माण कार्य में कई खामियां दिखाई दीं, जिस पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को जमकर फटकार लगाई।

निरीक्षण के दौरान विधायक प्रबोध मिंज ने सडक़ निर्माण में उपयोग की जा रही सामग्री, निर्माण की गुणवत्ता तथा निर्धारित मानकों का मौके पर ही जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों के सामने सडक़ के उन हिस्सों को भी दिखाया जहां निर्माण कार्य गुणवत्ताहीन प्रतीत हो रहा था। विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि जनता के टैक्स के पैसे से होने वाले विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने निर्माण एजेंसी को निर्देशित करते हुए कहा कि सडक़ निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के अनुरूप किया जाए। जहां-जहां खामियां पाई गई हैं, वहां तत्काल सुधार कार्य शुरू किया जाए ताकि भविष्य में सडक़ की गुणवत्ता और मजबूती पर कोई प्रश्नचिह्न न लगे। उन्होंने संबंधित विभागीय अधिकारियों को भी नियमित निगरानी रखने और निर्माण कार्य की सतत समीक्षा करने के निर्देश दिए।

विधायक ने कहा कि यह सडक़ क्षेत्र के लोगों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। सडक़ के निर्माण से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच आवागमन सुगम होगा, जिससे लोगों को बेहतर यातायात सुविधा मिलेगी।

साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, व्यापार और अन्य आवश्यक सेवाओं तक पहुंच भी आसान होगी। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का वास्तविक लाभ तभी मिलेगा जब निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।


अन्य पोस्ट