सरगुजा

प्रयास आवासीय विद्यालय के विद्यार्थी सडक़ों पर उतरे, 15 किमी पैदल चलकर पहुंचे कलेक्टोरेट
20-Jun-2026 10:23 PM
प्रयास आवासीय विद्यालय के विद्यार्थी सडक़ों पर उतरे, 15 किमी पैदल चलकर पहुंचे कलेक्टोरेट

शिक्षकों को हटाने, खराब भोजन और अव्यवस्थाओं के खिलाफ प्रदर्शन, जांच का आश्वासन

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर,20 जून। आदिवासी विकास विभाग द्वारा संचालित घंघरी स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय की व्यवस्थाओं से नाराज विद्यार्थियों का आक्रोश शनिवार को खुलकर सामने आया। विद्यालय के सैकड़ों विद्यार्थी अपनी विभिन्न मांगों को लेकर स्कूल परिसर से पैदल मार्च करते हुए करीब 15 किलोमीटर दूर कलेक्ट्रेट पहुंचे और प्रशासन के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। विद्यार्थियों के प्रदर्शन से प्रशासनिक अमले में हडक़ंप मच गया।

प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों का आरोप है कि विद्यालय प्रबंधन ने हाल ही में 10 से 12 पुराने एवं अनुभवी शिक्षकों को हटा दिया है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। विद्यार्थियों ने इन शिक्षकों को पुन: विद्यालय में नियुक्त करने की मांग की। उनका कहना था कि लंबे समय से पढ़ा रहे शिक्षकों को हटाए जाने से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

विद्यार्थियों ने विद्यालय के प्राचार्य पर मनमानी और तानाशाहीपूर्ण रवैया अपनाने का भी आरोप लगाया। उनका कहना है कि विद्यालय प्रशासन छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है। कई बार शिकायत करने के बावजूद व्यवस्थाओं में सुधार नहीं किया गया, जिसके कारण उन्हें सडक़ पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा।

प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने हॉस्टल की भोजन व्यवस्था को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए। विद्यार्थियों ने बताया कि जब कोई वरिष्ठ अधिकारी निरीक्षण के लिए आता है, तब उन्हें अच्छा और गुणवत्तायुक्त भोजन परोसा जाता है, लेकिन सामान्य दिनों में भोजन की गुणवत्ता बेहद खराब रहती है। विद्यार्थियों का आरोप है कि कई बार उन्हें कीड़े लगे चावल और निम्नस्तरीय भोजन दिया जाता है, जिससे स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है।

इसके अलावा विद्यार्थियों ने विद्यालय में शिक्षकों की कमी, कोचिंग व्यवस्था में अनियमितता, बाल कटिंग सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं में लापरवाही का मुद्दा भी उठाया। विद्यार्थियों का कहना है कि नियमित रूप से बाल कटिंग की व्यवस्था नहीं की जाती, जबकि इसके लिए संबंधित एजेंसियों को भुगतान किया जाता है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों के सामने विद्यालय की संपूर्ण व्यवस्था पर सवाल खड़े किए।

मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी एवं आदिवासी विकास विभाग के अधिकारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और छात्रों से चर्चा की। सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग ललित शुक्ला ने विद्यार्थियों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए निष्पक्ष जांच कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों को हटाने के मामले, प्राचार्य के खिलाफ लगाए गए आरोपों तथा भोजन एवं अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित शिकायतों की जांच की जाएगी। साथ ही हॉस्टल की व्यवस्थाओं में तत्काल सुधार के निर्देश भी दिए गए हैं।

अधिकारियों के आश्वासन के बाद विद्यार्थी शांत हुए, लेकिन उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वे आगे भी आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होंगे।


अन्य पोस्ट