सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 18 जून। सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र के सुभाष नगर वार्ड क्रमांक 2 में गुरुवार सुबह महिला की करंट लगने से मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतिका की पहचान श्यामले घोष पति कार्तिक घोष, निवासी सुभाष नगर वार्ड क्रमांक 2, थाना गांधीनगर क्षेत्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुरुवार सुबह वह अपने नए मकान में टुल्लू पंप के माध्यम से तराई का काम कर रही थीं। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आ गईं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं।
हादसे के बाद परिजनों ने तत्काल उन्हें गांधीनगर क्षेत्र के एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में विद्युत करंट लगने से मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मर्ग कायम कर आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।