सरगुजा

महात्मा गांधी की प्रतिमा में तोडफ़ोड़, 2 नाबालिगों की पहचान, एक की तलाश
16-Jun-2026 9:56 PM
महात्मा गांधी की प्रतिमा में तोडफ़ोड़, 2 नाबालिगों की पहचान, एक की तलाश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 16 जून। शहर के गांधी चौक स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने के मामले में गांधीनगर पुलिस ने घटना में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों की पहचान कर ली है। पुलिस एक अन्य बालक की तलाश में जुटी हुई है।

जानकारी के अनुसार, 15 जून को गांधी चौक स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ तोडफ़ोड़ किए जाने की सूचना मिलने पर गांधीनगर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान प्रतिमा का दाहिना हाथ, छड़ी तथा चश्मे का हिस्सा टूटा हुआ मिला। प्रतिमा के आसपास टूटे हुए अवशेष भी बिखरे पाए गए। चूंकि प्रतिमा सार्वजनिक संपत्ति है, इसलिए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में थाना गांधीनगर और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज के विश्लेषण में सामने आया कि दो बालक खेलते-खेलते प्रतिमा पर चढ़ गए और उसके हाथ व छड़ी के हिस्से को तोडक़र वहां से फेंक दिया।

पुलिस ने दोनों बालकों की पहचान कर उनके विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, एक अन्य बालक की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में सभी आवश्यक कानूनी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है।

इस कार्रवाई में गांधीनगर थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। वहीं, नगर निगम अंबिकापुर एवं संबंधित विभागों के सहयोग से क्षतिग्रस्त प्रतिमा के मरम्मत और पुनर्स्थापना की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

पुलिस की अपील

सरगुजा पुलिस ने आम नागरिकों से सार्वजनिक स्थलों पर स्थापित राष्ट्रीय महापुरुषों की प्रतिमाओं एवं सार्वजनिक संपत्तियों का सम्मान करने तथा उनकी सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की है। साथ ही किसी भी प्रकार की तोडफ़ोड़ या असामाजिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने और अपुष्ट जानकारी सोशल मीडिया पर साझा नहीं करने का आग्रह किया है।


अन्य पोस्ट