सरगुजा

नशीले इंजेक्शन के साथ आरोपी बंदी
15-Jun-2026 9:50 PM
नशीले इंजेक्शन के  साथ आरोपी बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 15 जून। सरगुजा संभागीय आबकारी उडऩदस्ता टीम ने नशीले इंजेक्शन के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब दो लाख रुपये के 200 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। यह कार्रवाई नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन क्लीन के तहत की गई।

जानकारी के अनुसार, 14 जून की रात थाना गांधीनगर क्षेत्र के सरना मैदान में आबकारी टीम रात्रि गश्त पर थी। इसी दौरान स्कूटी सवार एक युवक संदिग्ध हालत में नजर आया। टीम ने जब उसे रोककर पूछताछ की तो उसने अपना नाम वाहिद अंसारी निवासी लुंड्रा थाना क्षेत्र बताया। आरोपी ने यह भी बताया कि वह फिलहाल पटपरिया में किराए के मकान में रह रहा था।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास रखे काले रंग के पि_ू बैग से सौ-सौ पुडिय़ों में पैक किए गए कुल 200 नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए। जब्त सामग्री की बाजार कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई है।

आबकारी विभाग ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। रविवार को आरोपी को विशेष न्यायाधीश नारकोटिक्स न्यायालय अंबिकापुर में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजने के आदेश दिए गए।

सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि कई दिनों बाद टीम को नशीले इंजेक्शन के बड़े विक्रेता को पकडऩे में सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि पिछले कई महीनों से लगातार कार्रवाई के चलते जिले में नशीले इंजेक्शन की बिक्री पर काफी हद तक रोक लगी है। हालांकि कुछ तस्कर अभी भी चोरी-छिपे कारोबार कर रहे हैं।


अन्य पोस्ट