सरगुजा
बूथ स्तर पर मजबूती से काम करने का आह्वान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 15 जून। अंबिकापुर शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की नवगठित कार्यकारिणी की प्रथम बैठक रविवार को जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय राजीव भवन में पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंह देव की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में कांग्रेस के जिला पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता एवं मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान अंबिकापुर शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धंजल ने नवगठित 31 सदस्यीय कार्यकारिणी का परिचय कराया। उदयपुर संकल्प के अनुरूप गठित इस कार्यकारिणी में एक कोषाध्यक्ष, छह उपाध्यक्ष, आठ महामंत्री, दस सचिव तथा पांच कार्यकारिणी सदस्य शामिल हैं। बताया गया कि नवगठित कमेटी में 65 प्रतिशत सदस्य अन्य पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं अल्पसंख्यक वर्ग से हैं।
बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने नवगठित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए बूथ एवं अनुभाग स्तर पर सक्रिय और सूक्ष्म कार्य करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह कार्यकर्ताओं के कार्यों की समीक्षा रिपोर्ट कार्ड के माध्यम से की जाएगी।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष बालकृष्ण पाठक ने ब्लॉक अध्यक्ष को कार्यकारिणी सदस्यों के बीच प्रभार वितरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी चुनावों में शहरी क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता होगी और संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना होगा।
बैठक में 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के पूर्व उपाध्यक्ष अजय अग्रवाल ने कहा कि जिस प्रकार किसी भवन की मजबूती उसकी नींव पर निर्भर करती है, उसी प्रकार चुनावी सफलता का आधार मजबूत बूथ संगठन होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया।
प्रदेश कांग्रेस महामंत्री जे.पी. श्रीवास्तव ने कहा कि आगामी चुनावों में सत्तापक्ष सभी राजनीतिक उपायों का उपयोग करेगा, ऐसे में मतदाताओं से सतत संपर्क ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत होगी।
बैठक में पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की, मो. इस्लाम, हेमंत सिन्हा, विनय शर्मा, जीवन यादव, अमित सिंह, शंकर प्रजापति, गुरुप्रीत सिद्धू, चंद्रप्रकाश सिंह, रजनीश सिंह, सतीश बारी, निकी खान, सोहन जायसवाल, मेराज रंगरेज, विकास शर्मा, शशांक चौधरी, पवन सिंह, आलोक गुप्ता, अमित वर्मा, बनाफर केरकेट्टा, रोशन कन्नौजिया, धनमीत छाबड़ा, शंकर लाल सिंह, उपेंद्र विश्वकर्मा, रूबी जैन, शकीला सिद्दीकी, विजय बेक, मनोज तिवारी सहित बड़ी संख्या में ब्लॉक कार्यकारिणी के सदस्य उपस्थित रहे।


