सरगुजा
अनुशासन और बेहतर टर्नआउट पर दिया जोर
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 12 जून। रक्षित केंद्र अंबिकापुर में शुक्रवार को आयोजित जनरल परेड में सरगुजा रेंज के डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल ने सलामी ली और पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अनुशासन, दक्षता तथा बेहतर कार्य संस्कृति अपनाने के निर्देश दिए। इस दौरान उत्कृष्ट टर्नआउट वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन भी किया गया।
जनरल परेड के दौरान डीआईजी एवं एसएसपी ने परेड का निरीक्षण करते हुए पुलिस जवानों की वेशभूषा, अनुशासन एवं कार्यकुशलता का अवलोकन किया। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को हमेशा अनुशासित रहने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप वर्दी धारण करने की सीख दी। बेहतर टर्नआउट और अनुशासित प्रदर्शन करने वाले पुलिसकर्मियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
परेड के दौरान पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विभिन्न टोलियां बनाकर मार्च पास्ट कराया गया। वहीं मधुर धुन प्रस्तुत करने वाली पुलिस बैंड टीम का भी निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। डीआईजी एवं एसएसपी ने बैंड टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए उसे और बेहतर बनाने पर जोर दिया।
जनरल परेड के पश्चात डीआईजी एवं एसएसपी ने पुलिस लाइन स्थित वाहन शाखा का निरीक्षण किया। उन्होंने शासकीय वाहनों की स्थिति, रखरखाव और उपयोग से संबंधित अभिलेखों की जांच की तथा वाहनों की नियमित देखरेख और लॉग बुक को अद्यतन रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासकीय वाहनों का बेहतर रखरखाव पुलिस कार्यों की प्रभावशीलता के लिए आवश्यक है।
इसके बाद उन्होंने पुलिस लाइन के शस्त्रागार एवं स्टोर शाखा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आर्म्स एवं एम्युनेशन के रखरखाव, साफ-सफाई और अभिलेखों के संधारण की समीक्षा की गई। अधिकारियों को शस्त्रों एवं गोला-बारूद की नियमित जांच तथा रिकॉर्ड का व्यवस्थित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
डीआईजी एवं एसएसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के कल्याण के लिए संचालित पुलिस कल्याण कैंटीन एवं पुलिस बैंक का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिसकर्मियों को इन सुविधाओं का अधिकाधिक लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया और कहा कि पुलिस परिवार के कल्याण एवं सुविधा के लिए उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लों, उप पुलिस अधीक्षक राकेश बघेल, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस (ग्रामीण) तुल सिंह पट्टावी, प्रशिक्षु उप पुलिस अधीक्षक निशांत कुर्रे, रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत, धौरपुर थाना प्रभारी निरीक्षक सी.आर. चंद्रा, बतौली थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक सेंगर, महिला थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुनीता भारद्वाज सहित विभिन्न थाना, चौकी एवं कार्यालयों के कुल 184 पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जनरल परेड का उद्देश्य बल में अनुशासन, कार्यकुशलता और पेशेवर दक्षता को बढ़ावा देना है, ताकि पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।


