सरगुजा
लखनपुर,12 जून। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोसंगा के परसापारा में 30 वर्षीय एक महिला का शव नदी किनारे पेड़ से फांसी के फंदे पर लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कोसंगा निवासी फूलमती भुइयां (30 वर्ष), पति राजू भुइयां, 11 जून की सुबह घर में खाना बनाने के बाद बिना किसी को बताए घर से निकल गई थी। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।
शाम करीब 4 बजे ग्राम केंवरी के सरपंच ने दूरभाष के माध्यम से परिजनों को सूचना दी कि फूलमती का शव नदी किनारे एक परसा पेड़ पर साड़ी के फंदे से लटका हुआ है। सूचना मिलते ही पति राजू भुइयां एवं अन्य परिजन मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लखनपुर पुलिस को दी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की तथा मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि आत्महत्या के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


