सरगुजा

सडक़-नाली निर्माण की मांग पर वार्डवासियों ने निगम कार्यालय घेरा, महापौर को सौंपा ज्ञापन
09-Jun-2026 8:35 PM
सडक़-नाली निर्माण की मांग पर वार्डवासियों ने निगम कार्यालय घेरा, महापौर को सौंपा ज्ञापन

अंबिकापुर, 9 जून। नगर निगम के गंगापुर वार्ड में बुनियादी सुविधाओं की कमी से नाराज वार्डवासियों ने मंगलवार को निगम कार्यालय का घेराव कर सडक़, नाली और पेयजल व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने निगम कार्यालय के सामने नारेबाजी करते हुए महापौर मंजूषा भगत को ज्ञापन सौंपा।

गंगापुर नगर निगम में शामिल हुए एक दशक से अधिक समय बीत जाने के बावजूद वार्ड के भुईयांपारा क्षेत्र में अब तक सडक़ और नाली का निर्माण नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। वार्डवासियों का कहना है कि कई बार मांग और शिकायत के बावजूद समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया गया। क्षेत्र में बिजली और पेयजल आपूर्ति की समस्या भी लंबे समय से बनी हुई है।

प्रदर्शन की सूचना मिलते ही सुरक्षा व्यवस्था के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल निगम कार्यालय में तैनात रहा। वार्डवासी रैली के रूप में निगम कार्यालय पहुंचे और अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन किया।

इस दौरान नागरिकों ने कहा कि वर्षों से केवल आश्वासन मिल रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर विकास कार्य शुरू नहीं हो सके हैं। वहीं महापौर मंजूषा भगत ने प्रदर्शनकारियों से चर्चा करते हुए पूछा कि पिछले दस वर्षों में इन कार्यों को पूरा क्यों नहीं किया गया। इस पर वार्डवासियों ने पूर्व में मिले आश्वासनों का हवाला देते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की।

महापौर ने नागरिकों को भरोसा दिलाया कि सडक़ और नाली निर्माण सहित आवश्यक विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। उन्होंने निगम अधिकारियों को संबंधित प्रस्तावों की स्वीकृति प्रक्रिया तेज करने के निर्देश भी दिए।

प्रदर्शन में सुरेश बुनकर, राजपति, पूजा ऋषि, खुशबू, आंचल, पूजा चौहान सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट