सरगुजा

ग्रामीणों ने उपसरपंच पर लगाए आरोप, कलेक्टर से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग
09-Jun-2026 8:32 PM
ग्रामीणों ने उपसरपंच पर लगाए आरोप, कलेक्टर से निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 9 जून। सरगुजा जिले के अंबिकापुर शहर से लगे ग्राम पंचायत सरगवां के सैकड़ों ग्रामीणों ने मंगलवार को जनदर्शन में जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर उपसरपंच एवं वार्ड क्रमांक-16 के पंच कृष्ण कुमार सिंह के विरुद्ध पूर्व में लगाए गए विभिन्न आरोपों की निष्पक्ष जांच कराने तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने जन समाधान शिविर खलीबा में पूर्व में प्रस्तुत शिकायत का हवाला देते हुए कहा कि मामले में अब तक अंतिम निर्णय नहीं हुआ है, इसलिए जांच प्रक्रिया को गति दी जानी चाहिए।

ज्ञापन में ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि शिकायत दर्ज कराने वाले लोगों पर आवेदन वापस लेने के लिए प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष दबाव बनाया जा रहा है, जिससे गांव में भय और असुरक्षा का माहौल बन रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से शिकायतकर्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने और ग्राम में शांतिपूर्ण वातावरण बनाए रखने की मांग की है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि पंचायत स्तर पर विभिन्न कार्यों के लिए जारी किए जाने वाले अनापत्ति प्रमाणपत्र (एनओसी) पक्षपातपूर्ण तरीके से रोके जा रहे हैं, जिससे पात्र आवेदकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा बंगाली समाज के लिए प्रस्तावित श्मशान भूमि के मामले में भी अनावश्यक आपत्तियां लगाए जाने का आरोप लगाया गया है।

ज्ञापन में शासकीय अतिक्रमण हटाओ अभियान के क्रियान्वयन में भी बाधाएं उत्पन्न किए जाने की बात कही गई है।

ग्रामीणों ने कलेक्टर से मांग की है कि जन समाधान शिविर में प्रस्तुत शिकायतों की शीघ्र निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा यदि आरोप प्रमाणित हों तो छत्तीसगढ़ पंचायती राज अधिनियम, 1993 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई कर पंचायत में पारदर्शिता एवं सामाजिक सौहार्द स्थापित किया जाए।

इस दौरान पूर्व उप सरपंच मनीष ली सहित अन्य सैकड़ों लोग मौजूद थे।


अन्य पोस्ट