सरगुजा

खेत बचाओ अभियान को मिली गति, महापौर ने किसान जागरूकता वैन को दिखाई झंडी
09-Jun-2026 8:32 PM
खेत बचाओ अभियान को मिली गति, महापौर ने किसान जागरूकता वैन को दिखाई झंडी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 9 जून। मृदा संरक्षण माह के तहत संचालित ‘खेत बचाओ अभियान’ के अंतर्गत मंगलवार को अम्बिकापुर के गांधी चौक से प्रतिभा बायोटेक प्रा. लि. की किसान जागरूकता वैन को नगर निगम महापौर मंजूषा भगत ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अभियान का उद्देश्य किसानों को मिट्टी की सेहत, संतुलित पोषण प्रबंधन और टिकाऊ खेती के प्रति जागरूक करना है।

इस अवसर पर महापौर मंजूषा भगत ने कहा कि मिट्टी की उर्वरता ही किसान की सबसे बड़ी पूंजी है। रासायनिक उर्वरकों के अंधाधुंध उपयोग से भूमि की गुणवत्ता प्रभावित हो रही है, इसलिए जैविक और संतुलित पोषण आधारित खेती को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है।

प्रतिभा बायोटेक के जोनल मैनेजर अनिल कुमार शुक्ला ने कहा कि अत्यधिक यूरिया और डीएपी के उपयोग से कृषि भूमि की उत्पादकता प्रभावित हो रही है। जागरूकता वैन के माध्यम से किसानों को मिट्टी में कार्बन की मात्रा, पीएच स्तर, मिट्टी के घनत्व तथा फसलों के लिए आवश्यक 16 पोषक तत्वों की जानकारी दी जाएगी। उन्होंने ‘कम खाद, सही खाद, सही सलाह’ का संदेश देते हुए पूरे जून माह में सरगुजा संभाग के गांव-गांव तक पहुंचने का लक्ष्य बताया।

उन्होंने बताया कि कंपनी पिछले पांच वर्षों से ओएनबीए (ऑर्गेनिक एंड न्यूट्रिशनली बैलेंस्ड एग्रीकल्चर) कॉन्सेप्ट के माध्यम से जैविक एवं संतुलित खेती को बढ़ावा देने का कार्य कर रही है। जागरूकता वैन किसानों को नि:शुल्क मृदा परीक्षण की सलाह, संतुलित पोषण प्रबंधन की जानकारी तथा विभिन्न कृषि उत्पादों के उपयोग की विधि से अवगत कराएगी। वैन में एलईडी स्क्रीन के माध्यम से जैविक खेती और मृदा संरक्षण से संबंधित फिल्में भी प्रदर्शित की जाएंगी।

कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष मधुसूदन शुक्ला, नीलम राजवाड़े, इंदु गुप्ता, सीमा कश्यप, सर्वेश तिवारी, अर्चना सिंह सहित कंपनी के क्षेत्रीय प्रबंधक, स्थानीय डीलर और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।


अन्य पोस्ट