सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 7 जून। कोतवाली पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई बाइक बरामद की है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है, जबकि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लुंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम दोरना निवासी कमल राज यादव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 5 जून को अपनी भाभी का इलाज कराने मोटरसाइकिल क्रमांक सीजी 15 सीजे 9557 से अंबिकापुर स्थित श्रीराम हॉस्पिटल आया था। अस्पताल के बाहर बाइक खड़ी कर अंदर जाने के बाद लौटने पर वाहन गायब मिला। शिकायत पर कोतवाली थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक चोरी की बाइक के साथ रामानुजगंज नाका से शंकरघाट की ओर जाते देखा गया है। पुलिस ने सूचना के आधार पर रजपुरीखुर्द निवासी मुकेश चेरवा (26 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ बाइक चोरी करना स्वीकार किया तथा वाहन को मायापुर स्थित रूनझून तालाब के पास छिपाना बताया। पुलिस ने वहां से बाइक बरामद कर ली।
पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी मोटरसाइकिल चोरी के चार मामले दर्ज हैं। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


