सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 5 जून। सरगुजा पुलिस ने साइबर ठगी के एक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले से गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर एक महिला को अश्लील वीडियो देखने के नाम पर कानूनी कार्रवाई का डर दिखाकर 4.50 लाख रुपये की ठगी करने का आरोप है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, अजिरमा निवासी पीडि़ता ने थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 19 मार्च 2026 को उसे एक अज्ञात मोबाइल नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने स्वयं को क्राइम ब्रांच का अधिकारी बताते हुए कहा कि वह गूगल ब्राउजर पर अश्लील फोटो और वीडियो देखती है, जो दंडनीय अपराध है और इसके लिए उसे गिरफ्तार किया जा सकता है।
आरोपी की बातों से भयभीत होकर पीडि़ता ने उसके निर्देश पर अलग-अलग तिथियों में विभिन्न फोन-पे नंबरों और बैंक खातों में कुल 4 लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। बाद में ठगी का अहसास होने पर पीडि़ता ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
मामले की जांच के दौरान साइबर पुलिस पोर्टल से प्राप्त तकनीकी जानकारी और बैंक खातों के विश्लेषण के आधार पर पुलिस टीम मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिले पहुंची। जांच में सामने आया कि ठगी की रकम विभिन्न बैंक खातों में जमा कर अन्य खातों में ट्रांसफर की गई तथा ऑनलाइन एवं एटीएम के माध्यम से निकाली गई।
पुलिस ने मामले में संलिप्त तीन आरोपियों काशीराम अहिरवार, पन्नालाल यादव और अभिलाषा अहिरवार निवासी जिला टीकमगढ़, मध्यप्रदेश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने अपराध में संलिप्तता स्वीकार की, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। न्यायालय के आदेश पर तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।


