सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 3 जून। पुलिस मुख्यालय रायपुर के आदेश पर नेताजी सुभाषचंद्र बोस राज्य पुलिस अकादमी, चन्द्रखुरी से बुनियादी प्रशिक्षण प्राप्त 14 प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों की सरगुजा जिले में आमद हुई है। इन सभी प्रशिक्षु अधिकारियों को व्यवहारिक प्रशिक्षण के लिए जिले के विभिन्न थानों में पदस्थ किया गया है।
इस अवसर पर डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश अग्रवाल ने प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों की बैठक लेकर उन्हें कर्तव्य निर्वहन, निष्पक्ष जांच एवं विवेचना, तकनीकी विश्लेषण तथा पुलिस कार्यप्रणाली से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने प्रशिक्षण अवधि के दौरान सौंपे गए प्रत्येक कार्य को लगन, मेहनत और जिम्मेदारी के साथ संपादित करने पर जोर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि व्यवहारिक प्रशिक्षण पुलिस सेवा का महत्वपूर्ण चरण है, जिसमें प्राप्त अनुभव भविष्य में बेहतर पुलिसिंग और जनसेवा के लिए उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने प्रशिक्षु अधिकारियों को कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ आमजन के प्रति संवेदनशील एवं जवाबदेह रहने की भी सीख दी।
व्यवहारिक प्रशिक्षण के लिए प्रशिक्षु उपनिरीक्षकों की पदस्थापना जिले के विभिन्न थानों में की गई है। इसके तहत थाना कोतवाली अंबिकापुर में तीन, गांधीनगर, सीतापुर और मणिपुर थाने में दो-दो तथा उदयपुर, लखनपुर, बतौली, लुंड्रा और दरिमा थाने में एक-एक प्रशिक्षु उपनिरीक्षक को पदस्थ किया गया है।
बैठक के दौरान नगर पुलिस अधीक्षक अंबिकापुर राहुल बंसल, रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत, उपनिरीक्षक (एम) अभय सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


