सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 2 जून। अंबिकापुर नगर के नवापारा स्थित बैंक कॉलोनी में मंगलवार को एक तेज रफ्तार मालवाहक वाहन अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे लगे बिजली खंभे से जा टकराया। हादसे में सीमेंट का खंभा टूटकर सडक़ पर गिर गया, जिससे विद्युत तार क्षतिग्रस्त हो गए और क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। घटना के बाद बैंक कॉलोनी सहित आसपास के इलाकों में घंटों तक बिजली गुल रही।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मालवाहक वाहन तेज गति से गुजर रहा था। इसी दौरान चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे बिजली खंभे से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि खंभा टूट गया और उससे जुड़े तार आपस में टकराने लगे। इससे मौके पर स्पार्किंग होने लगी, जिससे क्षेत्र में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि घटना के समय वहां कोई राहगीर मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
सूचना मिलने पर छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी के अधिकारियों ने एहतियातन संबंधित फीडर की बिजली आपूर्ति बंद करा दी। इसके चलते बैंक कॉलोनी और आसपास के क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। भीषण गर्मी के बीच बिजली बंद रहने से लोगों को पेयजल, कूलर और पंखों जैसी मूलभूत सुविधाओं के अभाव का सामना करना पड़ा।
घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने वाहन चालक और उसके साथ मौजूद एक युवक को पकडक़र पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है। दुर्घटना में मालवाहक वाहन का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हो गया।
इधर, विद्युत विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त खंभे और तारों को हटाने का कार्य शुरू कर दिया। विभाग द्वारा नया खंभा लगाने और विद्युत व्यवस्था बहाल करने की प्रक्रिया जारी है।
विद्युत विभाग के सहायक अभियंता अक्षय कुमार ने बताया कि नुकसान का आकलन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। वाहन चालक विभाग को हुए नुकसान की भरपाई के लिए सहमत हो गया है। मामले में आगे की कार्रवाई के लिए पुलिस को क्षति का विस्तृत विवरण उपलब्ध कराया जा रहा है।


