सरगुजा

एम.एस. सिंह देव अंडर-16 पिंक बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट: सीडब्ल्यूआरडी और रेस्ट ऑफ सरगुजा फाइनल में
02-Jun-2026 8:18 PM
एम.एस. सिंह देव अंडर-16 पिंक बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट: सीडब्ल्यूआरडी और रेस्ट ऑफ सरगुजा फाइनल में

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 2 जून। एम.एस. सिंह देव अंडर-16 पिंक बॉल क्रिकेट टूर्नामेंट के सेमीफाइनल मुकाबलों में युवा खिलाडिय़ों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। खेले गए दोनों सेमीफाइनल मैचों में सीडब्ल्यूआरडी और रेस्ट ऑफ सरगुजा ने जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश कर लिया, जबकि सरगुजा रॉयल और विनायकम की टीमों का अभियान समाप्त हो गया।

पहले सेमीफाइनल में रेस्ट ऑफ सरगुजा ने निर्धारित 20 ओवर में 112 रन बनाए। टीम की ओर से नविन ठाकुर ने 41 तथा स्वास्तिक केशरी ने 34 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। जवाब में सरगुजा रॉयल की टीम 104 रन पर सिमट गई। गगन बोस ने 33 रन बनाकर संघर्ष किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। रेस्ट ऑफ सरगुजा की ओर से वेदांता गुप्ता ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट झटके और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरे सेमीफाइनल में विनायकम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 77 रन बनाए। टीम के लिए नैतिक चौधरी ने सर्वाधिक 40 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए सीडब्ल्यूआरडी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 12वें ओवर में ही जीत हासिल कर ली। सीडब्ल्यूआरडी के रूद्र प्रताप सिंह ने गेंद और बल्ले दोनों से प्रभावी प्रदर्शन करते हुए तीन विकेट लेने के साथ 14 रन बनाए। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार प्रदान किया गया।

टूर्नामेंट के दौरान बारिश के कारण कुछ मुकाबले रद्द होने से अंक तालिका पर भी असर पड़ा था। प्रभावित टीमों को एक-एक अंक दिए जाने के बाद सीडब्ल्यूआरडी और विनायकम शीर्ष स्थान पर बने रहे, जबकि सरगुजा रॉयल को भी सेमीफाइनल में पहुंचने का अवसर मिला।

इस अवसर पर सर्वाधिक रन बनाने वाले नैतिक चौधरी को ऑरेंज कैप तथा सर्वाधिक विकेट लेने वाले रुद्रांग त्रिपाठी को पर्पल कैप देकर सम्मानित किया गया।

संघ के सचिव विनीत जायसवाल ने कहा कि प्रतियोगिता युवा खिलाडिय़ों को अपनी प्रतिभा निखारने और प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में खेलने का बेहतर अवसर प्रदान कर रही है। अब फाइनल मुकाबले में सीडब्ल्यूआरडी और रेस्ट ऑफ सरगुजा की टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी।


अन्य पोस्ट