सरगुजा
सामाजिक न्याय और भ्रष्टाचार विरोधी कार्यों को मिली अंतरराष्ट्रीय पहचान
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 1 जून। सामाजिक कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता डॉ. डी.के. सोनी को जनहित, सामाजिक न्याय एवं भ्रष्टाचार विरोधी कार्यों के लिए अंतरराष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ है। उनका नाम प्रतिष्ठित ‘लंदन बुक ऑफ वल्र्ड रिकॉर्ड’ में दर्ज किया गया है। यह सम्मान उन्हें यूनाइटेड किंगडम के डॉ. इवानगासिना, यूरोपियन यूनियन हेड रिपब्लिक ऑफ क्रोएशिया तथा इंटरनेशनल चेयरमैन इंडिया अविनाश डी. सकुंदेया द्वारा प्रदान किया गया।
डॉ. सोनी लंबे समय से न्याय में देरी, भ्रष्टाचार और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वे अपनी संस्था ‘सरगुजा सोसाइटी फॉर फास्ट जस्टिस’ के माध्यम से आम नागरिकों को त्वरित एवं सुलभ न्याय दिलाने के लिए कार्य कर रहे हैं। आरटीआई और जनहित याचिकाओं के जरिए उन्होंने कई महत्वपूर्ण मामलों को उच्च न्यायालय से लेकर सर्वोच्च न्यायालय तक पहुंचाया तथा कानूनी लड़ाइयों में सफलता हासिल की।
सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार और अनियमितताओं को उजागर करने में भी डॉ. सोनी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। दस्तावेजी साक्ष्यों के आधार पर उन्होंने कई मामलों में कार्रवाई सुनिश्चित कराते हुए भ्रष्ट अधिकारियों एवं ठेकेदारों के खिलाफ अपराध दर्ज कराने में सफलता प्राप्त की है।
जानकारी के अनुसार, देशभर से सामाजिक, कानूनी, व्यापार एवं उद्योग क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों से नामांकन आमंत्रित किए गए थे। चयन प्रक्रिया एवं दस्तावेजों के सत्यापन के बाद आदिवासी हित, जनहित और सुशासन के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. सोनी का चयन किया गया। नई दिल्ली स्थित कांस्टीट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया में आयोजित समारोह में उन्हें सम्मान पत्र प्रदान किया गया।
इस उपलब्धि पर उनके शुभचिंतकों, अधिवक्ताओं एवं सामाजिक न्याय के क्षेत्र में कार्यरत लोगों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। सम्मान प्राप्त करने के बाद डॉ. डी.के. सोनी ने कहा कि यह उपलब्धि उन्हें समाजहित और न्याय के मुद्दों पर और अधिक प्रतिबद्धता एवं ऊर्जा के साथ कार्य करने की प्रेरणा देती है।
उन्होंने भविष्य में भी जनसरोकारों से जुड़े विषयों को मजबूती से उठाने का संकल्प व्यक्त किया।


