सरगुजा

राष्ट्रीय बायथल-ट्रायथल चैंपियनशिप में सरगुजा के 5 खिलाड़ी दिखाएंगे दम
01-Jun-2026 8:53 PM
राष्ट्रीय बायथल-ट्रायथल चैंपियनशिप में सरगुजा के 5 खिलाड़ी दिखाएंगे दम

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 1 जून। मॉडर्न पेंटाथलॉन फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में आयोजित होने वाली 15वीं एमपीएफआई बायथल-ट्रायथल राष्ट्रीय चैंपियनशिप 2026 में छत्तीसगढ़ राज्य की टीम हिस्सा लेगी। यह प्रतियोगिता 31 मई से 4 जून तक गुजरात विद्यापीठ विश्वविद्यालय, अहमदाबाद (गुजरात) में आयोजित की जा रही है।

राष्ट्रीय कोच राजेश प्रताप सिंह ने बताया कि इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के कुल 11 खिलाडिय़ों का चयन हुआ है, जिनमें से 5 खिलाड़ी सरगुजा जिले से हैं। चयनित खिलाडिय़ों में अथर्व प्रताप सिंह, अभिषेक शर्मा, अथर्व सोनी, अभिनव केरकेट्टा एवं मयंक मेहता शामिल हैं।

बायथल-ट्रायथल मॉडर्न पेंटाथलॉन खेल की एक लोकप्रिय विधा है, जिसमें खिलाडिय़ों को शूटिंग, तैराकी एवं दौड़ जैसी प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना होता है। यह खेल शारीरिक क्षमता, एकाग्रता, सहनशक्ति और तकनीकी कौशल का बेहतरीन समन्वय माना जाता है।

यह राष्ट्रीय चैंपियनशिप अत्यंत महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसे वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए चयन ट्रायल के रूप में भी मान्यता प्राप्त है। इस प्रतियोगिता के आधार पर खिलाडिय़ों का चयन एएमपीसी बायथल-ट्रायथल एशियन चैंपियनशिप 2026 (दुबई, यूएई) तथा यूआईपीएम बायथल-ट्रायथल विश्व चैंपियनशिप 2026 (पुर्तगाल) के लिए किया जाएगा।

सरगुजा जिले से पांच खिलाडिय़ों के चयन पर सरगुजा जिला बास्केटबॉल संघ समेत अन्य संगठनों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी खिलाडिय़ों को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी हैं। सरगुजा के खिलाडिय़ों की यह उपलब्धि जिले में उभरती खेल प्रतिभाओं और खेल संस्कृति को नई पहचान प्रदान करेगी।


अन्य पोस्ट