सरगुजा
कई राज्यों से दर्ज हैं साइबर ठगी की शिकायतें
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 30 मई। सरगुजा पुलिस ने साइबर अपराधों में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल अकाउंट्स के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। दोनों आरोपियों के बैंक खातों के विरुद्ध देश के विभिन्न राज्यों से साइबर ठगी संबंधी शिकायतें दर्ज हैं।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस मुख्यालय (तकनीकी सेवाएं) नवा रायपुर के निर्देश पर म्यूल अकाउंट, फर्जी सिम और अन्य साइबर अपराधों में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में गांधीनगर थाना पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए दो खाता धारकों को गिरफ्तार किया है।
पहले मामले में बैंक ऑफ बड़ौदा के खाता धारक गुफरान जाहिद निवासी अंबिकापुर के खिलाफ धारा 318(4) एवं 317(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि उक्त खाते के विरुद्ध कर्नाटक, महाराष्ट्र, राजस्थान, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, गुजरात और तेलंगाना राज्यों से साइबर पुलिस पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायतें दर्ज हैं।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना बैंक खाता 5 हजार रुपये में एक अन्य व्यक्ति को उपलब्ध कराने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर 29 मई को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इसी प्रकार दूसरे मामले में बैंक ऑफ बड़ौदा के खाता धारक तजमुल अंसारी अंबिकापुर के विरुद्ध अपराध दर्ज किया गया। इस खाते के खिलाफ कर्नाटक, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, गुजरात, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और तेलंगाना से साइबर ठगी संबंधी शिकायतें दर्ज पाई गईं।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने भी अपना बैंक खाता 5 हजार रुपये में बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उसका मोबाइल जब्त कर उसे गिरफ्तार किया तथा न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि म्यूल अकाउंट साइबर अपराधियों द्वारा ठगी की रकम के लेन-देन के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं। ऐसे खाताधारकों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


