सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 28 मई। नायब तहसीलदार तुषार मानिकपुरी के साथ कथित मारपीट मामले को लेकर गुरुवार को सीतापुर थाना परिसर का माहौल गर्म हो गया। राजस्व निरीक्षक संघ और कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के पदाधिकारी विधायक रामकुमार टोप्पो की गिरफ्तारी की मांग को लेकर थाने पहुंचे और कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
संघ के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों द्वारा नायब तहसीलदार के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की गई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन को 24 घंटे के भीतर कार्रवाई करने का अल्टीमेटम देते हुए कहा कि मांग पूरी नहीं होने पर सामूहिक हड़ताल और उग्र आंदोलन किया जाएगा।
दूसरी ओर विधायक रामकुमार टोप्पो के समर्थक भी बड़ी संख्या में थाना परिसर के बाहर पहुंच गए। समर्थकों ने नायब तहसीलदार और प्रशासनिक अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। इस दौरान दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिससे तनाव की स्थिति बन गई।
स्थिति को देखते हुए थाना परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के प्रमुख प्रवक्ता गुरुदत्त पंचय भोये ने कहा कि दोषियों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेश स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।


