सरगुजा

शादी का झांसा-रेप, आरोपी गिरफ्तार
27-May-2026 9:07 PM
शादी का झांसा-रेप, आरोपी गिरफ्तार

दो लाख भी हड़पे, पुलिस ने झारखंड से दबोचा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 27 मई। सरगुजा जिले की गांधीनगर थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती से रेप और लाखों रुपए ठगी करने के आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा पर भेज दिया है। आरोपी को पुलिस टीम ने झारखंड के रांची से पकडऩे में सफलता हासिल की।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पीडि़ता ने सितंबर 2025 में गांधीनगर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी अजय कुमार कंवर, निवासी पुछेली  जिला जांजगीर-चांपा ने स्वयं को अविवाहित बताकर उसके साथ संबंध बनाए। बाद में पता चला कि आरोपी शादीशुदा है और एक बच्चे का पिता भी है। आरोप है कि आरोपी नवंबर 2024 से सितंबर 2025 तक शादी का झांसा देकर पीडि़ता का लगातार शारीरिक शोषण करता रहा।

पीडि़ता ने शिकायत में यह भी बताया कि आरोपी ने नौकरी से निलंबित होने की बात कहकर उसके एटीएम कार्ड  से करीब दो लाख रुपए निकाल लिए। गर्भवती होने पर आरोपी ने शादी से इंकार कर दिया।

मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। लंबे समय तक फरार रहने के बाद साइबर सेल की मदद से आरोपी की लोकेशन रांची में मिली। गांधीनगर पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट