सरगुजा
दो जख्मी युवकों को रायपुर भेजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 27 मई। शहर के रिंग रोड स्थित भारत माता चौक में मंगलवार देर रात हुए भीषण सडक़ हादसे में एक युवती की मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सडक़ किनारे लगे लाइट पोल से जा टकराई। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है।
जानकारी के अनुसार, रात करीब 2.30 बजे अग्रसेन चौक की ओर से आ रही कार भारत माता चौक पहुंचते ही चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार सीधे पोल से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया। कार में सवार युवती की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। मृतका की पहचान महामाया मंदिर क्षेत्र निवासी वर्षा कश्यप के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, कार चालक सागर बेहरा निवासी बौरीपारा तथा अलीसर अंसारी निवासी ग्राम कांति प्रकाशपुर गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों की हालत नाजुक होने पर उन्हें रायपुर रेफर किया गया है।
प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और लापरवाही बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।