सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 27 मई। सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर एक सडक़ हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा दरिमा स्थित गैस एजेंसी के सामने हुआ, जहां तेज रफ्तार पिकअप ने गैस सिलेंडर लेकर जा रहे बाइक सवारों को टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों युवक बाइक पर गैस सिलेंडर लेकर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सडक़ पर दूर जा गिरे। हादसे में एक युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही दरिमा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। वहीं मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार मृतक और घायल युवक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है। फरार पिकअप चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।