सरगुजा

आईजी दीपक कुमार झा ने किया स्वैच्छिक रक्तदान
27-May-2026 9:05 PM
आईजी दीपक कुमार झा ने किया स्वैच्छिक रक्तदान

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अम्बिकापुर, 27 मई।  राजमाता देवेंद्र कुमारी सिंहदेव शासकीय मेडिकल कॉलेज संबद्ध चिकित्सालय, अंबिकापुर स्थित ब्लड सेंटर में जरूरतमंद मरीजों हेतु रक्त की सतत एवं पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा सरगुजा द्वारा निरंतर स्वैच्छिक रक्तदान जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर युवाओं एवं जागरूक नागरिकों से नियमित रूप से रक्तदान हेतु आगे आने की अपील की जा रही है, ताकि किसी भी जरूरतमंद मरीज को रक्त के अभाव का सामना न करना पड़े।

इसी क्रम में सरगुजा के आईजी दीपक कुमार झा ने ब्लड सेंटर में रक्त की सतत उपलब्धता बनाए रखने हेतु संचालित अभियान की जानकारी प्राप्त होने पर स्वयं आगे आकर स्वैच्छिक रक्तदान किया। उनकी इस संवेदनशील एवं प्रेरणादायी पहल ने सरगुजा संभाग सहित पूरे प्रदेश में सकारात्मक एवं मानवीय संदेश प्रसारित किया है।

पुलिस महानिरीक्षक श्री झा ने रक्तदान के माध्यम से यह संदेश दिया कि सामाजिक सरोकारों एवं मानव सेवा के कार्यों में समाज के प्रत्येक सक्षम नागरिक की सहभागिता अत्यंत आवश्यक है। उनका यह कार्य प्रशासनिक दायित्वों के साथ मानवीय संवेदनशीलता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं जनसेवा के प्रति समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है।

इस अवसर पर उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि रक्तदान ऐसा महादान है, जिसके माध्यम से किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान किया जा सकता है। स्वस्थ व्यक्ति द्वारा समय-समय पर किया गया रक्तदान अनेक परिवारों के लिए आशा एवं जीवन का आधार बनता है।

कार्यक्रम के दौरान सिविल सर्जन डॉ. जे.के. रेलवानी, सहायक अस्पताल अधीक्षक डॉ. जे.के. दामले, डॉ. अर्पण सिंह चैहान, ब्लड सेंटर प्रभारी डॉ. जगरानी लकड़ा, मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकगण, ब्लड सेंटर के अधिकारी-कर्मचारी तथा भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी जिला शाखा सरगुजा के प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।

ब्लड सेंटर एवं भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, जिला शाखा सरगुजा द्वारा पुन: आमजन से अधिक से अधिक संख्या में स्वैच्छिक रक्तदान हेतु आगे आने की अपील की गई है, जिससे जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता निरंतर सुनिश्चित की जा सके।


अन्य पोस्ट