सरगुजा

शराब पीकर वाहन चलाना पड़ा महंगा, 6 चालकों पर जुर्माना
27-May-2026 9:04 PM
शराब पीकर वाहन चलाना पड़ा महंगा, 6 चालकों पर जुर्माना

अंबिकापुर, 27 मई। सरगुजा पुलिस द्वारा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना बतौली, उदयपुर एवं यातायात पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए छह वाहन चालकों पर 61 हजार रुपये का अर्थदंड कराया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देश पर जिलेभर में तीन सवारी, शराब पीकर वाहन चलाने और खतरनाक ड्राइविंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। वाहन जांच के दौरान बतौली, उदयपुर और यातायात पुलिस ने शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए चालकों के विरुद्ध मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185, 184, 30(क) एवं 177 के तहत प्रकरण दर्ज किए।

कार्रवाई के दौरान थाना बतौली पुलिस ने बाइक क्रमांक सीजी 15 ईडी 6175 के चालक भूपेन्द्र पैंकरा निवासी सोनतराई, थाना उदयपुर पुलिस ने कार क्रमांक सीजी 12 बीजे 7332 के चालक संजीव सरकार निवासी मोरगा जिला कोरबा तथा बाइक क्रमांक सीजी 15 ईबी 3368 के चालक सिंग साय निवासी सोनतराई के खिलाफ कार्रवाई की। वहीं यातायात पुलिस ने बाइक क्रमांक सीजी 15 ईएफ 6368 के चालक संतोष सिंह निवासी गांधीनगर, बाइक क्रमांक सीजी 15 डीवाय 1816 के चालक गोलक महालदार निवासी भगवानपुर एवं बाइक क्रमांक सीजी 28 एल 4915 के चालक कलिन्दर कुजूर निवासी बेलकोटा के खिलाफ कार्रवाई की।

सभी चालकों का चिकित्सकीय परीक्षण कराए जाने पर शराब सेवन की पुष्टि हुई। इसके बाद संबंधित वाहनों को जब्त कर न्यायालय में प्रस्तुत किया गया।

न्यायालय ने अलग-अलग प्रकरणों में 10-10 हजार रुपये तथा एक मामले में 11 हजार रुपये का अर्थदंड लगाया। इस प्रकार कुल 61 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।

पुलिस ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने तथा शराब पीकर वाहन नहीं चलाने की अपील की है।


अन्य पोस्ट