सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 26 मई। सरगुजा जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। मृतक युवक ने शादी समारोह में हुई मारपीट और अपमान से आहत होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गांधीनगर थाना में मृतक रूकचंद नागेश सरगवां पतरापारा की मौत की जांच की जा रही थी। जांच के दौरान परिजनों एवं स्वतंत्र गवाहों के बयान लिए गए।
पूछताछ में सामने आया कि 27 अप्रैल को गांव में आयोजित एक विवाह कार्यक्रम में डीजे पर नाचने के दौरान आरोपियों ने मृतक की मां को भी नाचने के लिए कहा था। इसका विरोध करने पर आरोपी रामप्रसाद, राजनाथ और अजीत ने रूकचंद नागेश के साथ मारपीट की।
घटना से आहत और दुखी रूकचंद रात करीब 3 बजे रोते हुए घर पहुंचा और अपनी बहन सुमरी नागेश को पूरी घटना बताई। इसके कुछ देर बाद उसने गांव के पीपल पेड़ में ड्रिप पाइप के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मामले में जांच उपरांत पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 277/2026 के तहत धारा 108 एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया। विवेचना के दौरान आरोपी रामप्रसाद उर्फ रित्रा , अजीत कुमार एवं राजनाथ तिर्की निवासी सरगवां थाना गांधीनगर को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार करने पर पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।


