सरगुजा

साइबर ठगी में इस्तेमाल म्यूल अकाउंट का खुलासा, एक बंदी
26-May-2026 11:08 PM
साइबर ठगी में इस्तेमाल म्यूल अकाउंट का खुलासा, एक बंदी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 26 मई। सरगुजा पुलिस ने साइबर ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे म्यूल अकाउंट के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। आरोपी के बैंक खाते में ऑनलाइन साइबर ठगी से जुड़े लाखों रुपये के लेन-देन पाए गए हैं। मामले में गुजरात, कर्नाटक, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना और तमिलनाडु सहित कई राज्यों से शिकायतें दर्ज हैं।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार पुलिस मुख्यालय (तकनीकी सेवाएं) नवा रायपुर से म्यूल अकाउंट के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश प्राप्त हुए थे। इसी क्रम में गांधीनगर थाना पुलिस ने आईडीबीआई बैंक के एक खाते की जांच की। जांच में यह खाता लक्ष्मण नागेश निवासी गुजरवार, अंबिकापुर के नाम पर संचालित होना पाया गया।

साइबर पुलिस पोर्टल में दर्ज शिकायतों के आधार पर उक्त खाते में ऑनलाइन ठगी से संबंधित कुल 5 लाख 73 हजार 999 रुपये जमा होना पाया गया। इसके अलावा बैंक स्टेटमेंट की जांच में 21 सितंबर 2024 से 14 अक्टूबर 2024 के बीच खाते में लगभग 33 लाख 15 हजार 10 रुपये का लेन-देन भी सामने आया, जिसे बाद में अन्य खातों में ट्रांसफर किया गया था।

मामले में थाना गांधीनगर में दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पूछताछ में आरोपी लक्ष्मण नागेश ने बताया कि उसने ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर लेन-देन कराने वाले एक व्यक्ति को अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड और सिम उपलब्ध कराया था। इसके बदले उसे 10 हजार रुपये नकद दिए गए थे।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और सिम कार्ड जब्त कर लिया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।


अन्य पोस्ट