सरगुजा
83 जवानों ने ली कर्तव्य निष्ठा की शपथ
सरगुजा रेंज आईजी समारोह में हुए शामिल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 26 मई। सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार झा 25 मई को पुलिस प्रशिक्षण विद्यालय मैनपाट में आयोजित 12वां दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
समारोह में राज्य के विभिन्न जिलों से कुल 83 नवआरक्षकों द्वारा परेड ग्राउंड में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर मुख्य अतिथि को गॉर्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके पश्चात पुलिस अधीक्षक पीटीएस मैनपाट जिला सरगुजा सचिंद्र चौबे द्वारा पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज दीपक कुमार झा का आभार व्यक्त करते दीक्षांत परेड समारोह में शामिल सभी नौजवानों के प्रतिभाओं के बारे में सामान्य जानकारी से अवगत कराते नौजवानों को कर्तव्य निष्ठा की शपथ दिलाया।
पुलिस महानिरीक्षक द्वारा कहा गया कि आरक्षक पुलिस विभाग का अनिवार्य एवं महत्वपूर्ण अंग है, जो सीधे तौर पर आम जनता से जुडक़र अपने कर्तव्यों का निर्वहन करता है। उसके कार्य एवं आचरण से विभाग की छवि बनती है, जो आप सभी ने अनुशासित रहकर निर्धारित समय में इस प्रशिक्षण विद्यालय द्वारा प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि आप सभी अपने पदीय दायित्वों का निर्वहन नवीन कानूनों के अनुरूप पूर्णत: निष्पक्षता के साथ लगन व मेहनत से करें।
उनके द्वारा सभी नौजवानों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं दी गई।


