सरगुजा

रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, 2 मौतें
25-May-2026 11:06 PM
रफ्तार कार ने बाइक को मारी टक्कर, 2 मौतें

कई मीटर तक घिसटते रहे दोनों

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर/लखनपुर, 25 मई। सरगुजा जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत नेशनल हाईवे-130 (अंबिकापुर-बिलासपुर मुख्य मार्ग) पर रविवार रात सडक़ हादसे में बाइक सवार दो ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा जजगा गांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

जानकारी के अनुसार मृतक जय सिंह (50) और रामकुमार (60), दोनों निवासी महुआटिकरा, किसी परिचित के यहां मेहमानी में जजगा आए हुए थे। रविवार रात करीब 10 बजे दोनों बाइक से वापस अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान जजगा की ओर से ग्रामीण सडक़ से नेशनल हाईवे-130 पर पहुंचते ही बिलासपुर से अंबिकापुर की ओर जा रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे के बाद दोनों बाइक सवार सडक़ पर कई मीटर तक घिसटते चले गए। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों के आधार पर फरार चालक की तलाश की जा रही है।

इस हादसे के बाद महुआटिकरा गांव में शोक का माहौल है। ग्रामीणों ने हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।


अन्य पोस्ट