सरगुजा

सूने घर में पड़ोसियों ने की थी चोरी, 2 बंदी
25-May-2026 11:04 PM
सूने घर में पड़ोसियों ने की थी चोरी, 2 बंदी

जेवर- नगदी और बाइक बरामद

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 25 मई। कोतवाली थाना क्षेत्र में हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी गए सोने-चांदी के आभूषण, नगदी रकम तथा पैशन प्रो मोटरसाइकिल बरामद की गई है। दोनों आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।

 पुलिस ने बताया कि प्रार्थिया फुलेश्वरी कुजूर, अंबिकापुर 20 मई को अपने बेटे के साथ जमशेदपुर गई हुई थीं। 23 मई को वापस लौटने पर उन्होंने देखा कि घर का सामान बिखरा पड़ा है तथा प्रथम तल की बालकनी के पास दरवाजे की कुंडी टूटी हुई है। जांच करने पर घर से सोने का मंगलसूत्र, नाक का नग, चांदी की पायल, चांदी का सिक्का, आठ हजार रुपये नगद तथा पैशन प्रो मोटरसाइकिल गायब मिली। मामले में थाना कोतवाली में अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि प्रार्थिया के पड़ोसी संजय पटेल और अभिषेक चेरवा अचानक अधिक पैसे खर्च कर रहे हैं तथा सोने-चांदी के आभूषण बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। पुलिस ने दोनों संदेहियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी करना स्वीकार कर लिया।

पुलिस ने आरोपी अभिषेक चेरवा के कब्जे से सोने का मंगलसूत्र, लॉकेट, टॉप्स, चांदी की पायल और नगदी राशि बरामद की। वहीं आरोपी संजय पटेल की निशानदेही पर चोरी की गई पैशन प्रो मोटरसाइकिल पुलिस लाइन स्थित गौरी मंदिर के पास से बरामद की गई।

गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक चेरवा (24) एवं संजय पटेल (35) दोनों निवासी बौरीबांध काली मंदिर के पास अंबिकापुर शामिल हैं।


अन्य पोस्ट