सरगुजा
सिर में 20 टांके लगे, जिला अस्पताल भेजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
लखनपुर, 24 मई। थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुमगरा कला में जमीन बंटवारे के विवाद को लेकर पिता द्वारा अपने ही बेटे पर टांगी से प्राणघातक हमला करने का मामला सामने आया है। घटना में गंभीर रूप से घायल युवक को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भेज दिया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम गुमगरा कला निवासी चंद्रिका सिंह टेकाम (56 वर्ष) अपने पिता जगदीश प्रसाद टेकाम से पैतृक जमीन में बंटवारे की मांग कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद के दौरान गुस्साए पिता ने टांगी से बेटे के सिर पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के बाद परिजनों ने घायल चंद्रिका टेकाम को एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। सिर में गंभीर चोट होने के कारण घायल के सिर में करीब 20 टांके लगाए गए। हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना लखनपुर पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि आरोपी जगदीश प्रसाद टेकाम ने पहली पत्नी की मृत्यु के बाद दूसरी शादी की थी। पहली पत्नी से एक पुत्र एवं एक पुत्री तथा दूसरी पत्नी से पांच पुत्रियां और एक पुत्र हैं। परिजनों का कहना है कि जब भी चंद्रिका टेकाम जमीन बंटवारे की बात करता था, उसके पिता उसके साथ मारपीट करते थे और बंटवारा करने से इंकार कर देते थे। परिजनों के अनुसार इससे पहले भी आरोपी पिता द्वारा चार बार मारपीट की घटना को अंजाम दिया जा चुका है।