सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 23 मई। भारतीय जनता पार्टी के एक बूथ अध्यक्ष की सडक़ हादसे में मौत हो गई। घटना सरगुजा जिले के बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत शांतिपारा की है, जहां अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने बाइक सवार भाजपा नेता को टक्कर मार दी। हादसे के बाद वे वाहन में फंसकर करीब 20 मीटर तक घिसटते चले गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार ग्राम पोकसरी निवासी शिवमंगल दास (50 वर्ष), जो भाजपा के बूथ अध्यक्ष थे, शुक्रवार को किसी काम से बतौली आए हुए थे। रात करीब 9.30 बजे वे बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान अंबिकापुर-रायगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शांतिपारा के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक वाहन के अगले हिस्से में फंस गई और चालक उन्हें कुछ दूरी तक घसीटता ले गया। हादसे में शिवमंगल दास के सिर, पेट एवं शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना राहगीरों ने डायल 112 को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बतौली ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंचे और शव देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पुलिस ने शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
इधर, भाजपा बूथ अध्यक्ष की मौत से क्षेत्रीय भाजपा कार्यकर्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। कार्यकर्ताओं ने अज्ञात वाहन चालक की जल्द गिरफ्तारी की मांग करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेलगाम रफ्तार से दौड़ रहे वाहनों पर नियंत्रण लगाने की आवश्यकता जताई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शांतिपारा क्षेत्र में तेज रफ्तार के कारण पहले भी कई सडक़ हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है।


