सरगुजा

मुझमें युवाओं जैसी ऊर्जा, पार्टी जो भी जिम्मेदारी सौंपेगी, निभाने तैयार - सिंहदेव
22-May-2026 11:07 PM
मुझमें युवाओं जैसी ऊर्जा, पार्टी जो भी जिम्मेदारी सौंपेगी, निभाने तैयार - सिंहदेव

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 22 मई। छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने कहा है कि उनमें आज भी युवाओं जैसी ऊर्जा है और पार्टी नेतृत्व जो भी जिम्मेदारी सौंपेगा, उसे निभाने के लिए वे पूरी तरह तैयार हैं। वहीं उन्होंने दीपक बैज को युवा नेता बताते हुए भविष्य में मुख्यमंत्री बनने की संभावना भी जताई है। दोनों नेताओं के हालिया बयानों के बाद प्रदेश कांग्रेस में नेतृत्व और संगठनात्मक बदलाव को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।

अंबिकापुर में शुक्रवार को मीडिया से चर्चा करते हुए सिंहदेव ने कहा कि उनकी प्राथमिकता अंबिकापुर विधानसभा क्षेत्र, सरगुजा संभाग और पूरे प्रदेश में संगठन को मजबूत करना है। उन्होंने बताया कि वे लगातार प्रदेश के विभिन्न हिस्सों का दौरा कर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे हैं तथा इसकी जानकारी पार्टी नेतृत्व को भी दी गई है।

सिंहदेव ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उन्होंने केवल एक सलाह दी है। उन्होंने कहा कि पार्टी में युवा नेतृत्व को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है और संगठन को मजबूत करने के लिए सभी नेताओं को मिलकर कार्य करना चाहिए।

दरअसल, हाल ही में दीपक बैज ने मीडिया से चर्चा के दौरान कहा था कि टीएस सिंहदेव जैसे वरिष्ठ नेता को राष्ट्रीय स्तर पर जाकर संगठन के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा था कि प्रदेश में युवा नेतृत्व सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है और उन्हें अवसर मिलना चाहिए। बैज ने सिंहदेव को बड़ा नेता बताते हुए कहा था कि वे पूर्व उपमुख्यमंत्री रह चुके हैं तथा केंद्रीय स्तर पर भी संगठनात्मक जिम्मेदारियां निभाने का अनुभव रखते हैं।

सिंहदेव ने यह भी कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव में उन्हें व्यक्तिगत रूप से हार का सामना करना पड़ा और सरगुजा संभाग की अधिकांश सीटों पर कांग्रेस को नुकसान हुआ। ऐसे में वे क्षेत्र में संगठन को फिर से मजबूत करने के उद्देश्य से कार्यकर्ताओं के बीच पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय संगठन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर कांग्रेस को सक्रिय करने का है।

राजनीतिक हलकों में यह चर्चा भी तेज है कि हाल ही में दिए गए एक साक्षात्कार में सिंहदेव द्वारा प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभालने की इच्छा जताने के बाद यह बयानबाजी सामने आई है। इसके बाद उन्होंने दक्षिण छत्तीसगढ़ का दौरा कर स्थानीय नेताओं और कार्यकर्ताओं से मुलाकात की थी। उनके इस दौरे को भी राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पार्टी के भीतर कई नेता एक-दूसरे को स्वीकार नहीं कर पा रहे-नेताम

इधर,  रामविचार नेताम ने कांग्रेस नेताओं के बयानों पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस में अंतर्कलह समय-समय पर सार्वजनिक होती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के भीतर कई नेता एक-दूसरे को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं। नेताम ने कहा कि टीएस सिंहदेव का कांग्रेस सरकार बनने में महत्वपूर्ण योगदान रहा, लेकिन बाद में उन्हें उचित सम्मान नहीं मिला।-


अन्य पोस्ट