सरगुजा
भाजपा सरगुजा का दो दिनी जिला प्रशिक्षण वर्ग
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 22 मई। भाजपा सरगुजा का दो दिवसीय जिला प्रशिक्षण वर्ग होटल में सम्पन्न हुआ। समापन सत्र के मुख्य वक्ता भाजपा प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी थे तथा संगठन जिला प्रभारी कृष्णकांत चन्द्रा, जिला सह प्रभारी सुनील गुप्ता, एवं जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया मंचासीन रहे। सत्र की अध्यक्षता वर्ग नियंत्रक अम्बिकेश केशरी ने की। प्रशिक्षण मंच का संचालन जिला महामंत्री विनोद हर्ष एवं महामंत्री द्वय अरुणा सिंह ने किया।
वक्ता के रूप अखिलेश सोनी ने कहा कि भाजपा में सीखने का क्रम निरंतर चलता रहता है और प्रशिक्षण से संगठन की कार्यकुशलता बढ़ती है। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी की सरकार के दौरान गरीब कल्याण के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण पहल हुई हैं। प्रत्येक घर में शौचालय, उज्ज्वला योजना से घरेलू रसोई में सुरक्षा व सुविधा, नल जल योजना से पानी की उपलब्धता, आयुष्मान भारत कार्ड, मुख्यमंत्री खाद्यान योजना और महतारी वंदन जैसी योजनाओं ने गरीबों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाए हैं। उन्होंने प्रशिक्षण में शामिल कार्यकर्ताओं से अपने अनुभव साझा किए और कहा कि ये योजनाएँ जन-सहभागिता और संगठन के समर्पित प्रयासों का परिणाम हैं।
समापन सत्र को सम्बोधित करते हुए जिलाध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने प्रशिक्षण वर्ग को सफल बनाने वाले सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि व्यवस्था और अन्य जिम्मेदारियों में कार्यकर्ताओं की ऊर्जा और समर्पण से प्रशिक्षण गरिमापूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ। विशेष रूप से उन्होंने जिला महामंत्री विनोद हर्ष, महामंत्री द्वय अरुणा सिंह, जनमेजय मिश्रा, वैभव सिंह देव, निश्चल प्रताप सिंह, दीपक सिंह तोमर, रुपेश दुबे, संजय सोनी, शुभांगी बिहाड़े, निलेश सिंह, देवनाथ सिंह पैकरा, अंकित जयसवाल, मार्कण्डेय तिवारी ने आभार व्यक्त किया।
समापन के पूर्व सत्रों में गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव, वर्ग जिला प्रभारी ज्योतिनंद दुबे, जिला प्रभारी कृष्णकांत चन्द्रा, प्रमोद सिंह, राकेश चंद्राकर और संतोष दास ने विषय वक्ता के रूप में भाषण दिए। इन सत्रों की अध्यक्षता विधायक प्रबोध मिंज, अनिल सिंह मेजर, कमलभान सिंह, फुलेश्वरी सिंह, विद्यानंद मिश्रा एवं देवनाथ सिंह पैकरा ने की।
बंगाल चुनाव में सरगुजा के जिन भाजपा नेताओं को विधान सभा की जि़म्मेदारी दी गई थी वहाँ भाजपा प्रत्याशी भारी मतों से विजयी हुए, सत्र में उपस्थित ऐसे नेता गृह निर्माण मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव, संभाग सह प्रभारी हरपाल सिंह भामरा एवं विधायक रामकुमार टोप्पो को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया ।
इस अवसर पर महापौर मंजूषा भगत, पूर्व जिलाध्यक्ष ललन प्रताप सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष निरूपा सिंह सहित प्रशिक्षणार्थी, कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।


