सरगुजा
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
अंबिकापुर, 22 मई। सद्भावना ग्राम तकिया उर्स शरीफ़ 2026 के अवसर पर आयोजित भव्य क़व्वाली कार्यक्रम का शुभारंभ छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड के अध्यक्ष डॉ. सलीम राज द्वारा किया गया।
अपने शुभकामना संदेश में डॉ. सलीम राज ने कहा कि छत्तीसगढ़ में आयोजित होने वाले सभी उर्स आयोजनों में तकिया मजार शरीफ़ का आयोजन सबसे आला और विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि यह उत्सव हिन्दू-मुस्लिम एकता और आपसी भाईचारे का प्रतीक है, जिसमें सभी जाति एवं धर्म के लोग बढ़-चढक़र हिस्सा लेते हैं। ऐसे आयोजन समाज में प्रेम, सौहार्द और एकता को मजबूत करने का कार्य करते हैं तथा निरंतर आयोजित होते रहना चाहिए।
उन्होंने अंजुमन कमेटी को इस शानदार आयोजन के लिए मुबारकबाद देते हुए प्रदेश और देश में अमन, चैन एवं खुशहाली की दुआ मांगी।
कार्यक्रम के दौरान सरगुजा जि़ले के उन स्कूली विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया जिन्होंने शैक्षणिक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए टॉप स्थान प्राप्त किया।
कार्यक्रम में भारत के मशहूर क़व्वाल मुज्तबा अज़ीज़ नाज़ा (मुंबई) एवं क़व्वाल छोटी तमन्ना (सोलापुर) ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से समां बाँध दिया। देर रात तक चले इस क़व्वाली कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों ने हिस्सा लिया और कार्यक्रम का भरपूर आनंद उठाया।
क़व्वाल अज़ीज़ नाज़ा ने सामाजिक सौहार्द, मोहब्बत, इंसानियत और देशभक्ति से ओतप्रोत क़व्वालियाँ प्रस्तुत कर श्रोताओं का दिल जीत लिया। कार्यक्रम को लेकर लोगों में भारी उत्साह देखने को मिला तथा उपस्थित जनों ने आयोजन की जमकर सराहना की।अतिथियों ने कहा कि इस प्रकार के सांस्कृतिक आयोजन समाज में चारे, प्रेम और सामाजिक एकता को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम में शासकीय अधिवक्ता विनोद दूबे, फैजान सरवर (सदस्य, छत्तीसगढ़ वक्फ बोर्ड), फैजान अहमद सीबू, एजाज भाई, बसित अली, हाजी इकबाल, शायर अतुल अजनबी, रूबी सिद्दीकी, सलाउद्दीन सिद्दीकी, नौशाद सिद्दीकी, सफदर अली, फजल हक, याकूब खान, जावेद खान, रिजवान सिद्दीकी, अफजला अंसारी, अब्दुल लतीफ, सादाब रिज़वी आदि उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त अंजुमन कमेटी के अध्यक्ष इरफ़ान सिद्दीकी एवं परवेज़ आलम गांधी ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। आयोजन समिति ने सभी अतिथियों,क़व्वालों एवं आमजन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भविष्य में भी इसी प्रकार के सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।


