सरगुजा

भीषण गर्मी, पारा 42 पर
21-May-2026 10:23 PM
भीषण गर्मी, पारा 42 पर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

अंबिकापुर, 21 मई। मई के दूसरे पखवाड़े में मौसम साफ होते ही अंबिकापुर समेत उत्तर छत्तीसगढ़ में गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं।

राजस्थान से आ रही गर्म हवाओं के कारण शहर का अधिकतम तापमान बढक़र 42 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। मौसम विभाग ने आगामी दिनों में तापमान में और बढ़ोतरी की संभावना जताई है।

जानकारी के अनुसार मई के पहले पखवाड़े में बादल छाए रहने और बीच-बीच में हुई बारिश के कारण अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ था। हालांकि मौसम साफ होने के बाद अब तेज धूप और गर्म हवाओं ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है। मंगलवार को अंबिकापुर का अधिकतम तापमान 42 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि सोमवार को यह 41.2 डिग्री सेल्सियस था। वहीं न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

तेज गर्मी और झुलसाने वाली धूप के कारण दोपहर के समय शहर की सडक़ों पर सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।

मौसम विज्ञानी एएम भट्ट ने बताया कि आगामी दिनों में मौसम साफ रहने की संभावना है। इसके चलते राजस्थान की ओर से आने वाली गर्म हवाएं तेजी से क्षेत्र में प्रवेश करेंगी, जिससे अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में लगातार वृद्धि होगी।

इधर बढ़ती गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने भी अलर्ट जारी किया है। सीएमएचओ डॉ. पीएस मार्को ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा है कि दोपहर में बाहर निकलते समय सिर ढंककर रखें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें, ताकि लू और डिहाइड्रेशन से बचा जा सके।


अन्य पोस्ट